नागर विमानन मंत्री सिंधिया ने जारी की देश की पहली राष्ट्रीय वायु खेल नीति

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने देश की पहली राष्ट्रीय राष्ट्रीय वायु खेल नीति-2022 मंगलवार को यहां जारी की। इस नीति का उद्देश्य वर्ष-2030 तक भारत को वायु खेल वाले प्रमुख देशों में शामिल करना है। इस नीति के माध्यम से एयरोबेटिक्स, बैलूनिंग, ग्लाइडिंग, पैराशूटिंग, पावर्ड एयरक्राफ्ट और रोटरक्राफ्ट सहित 11 हवाई खेलों को बढ़ावा दिया जाएगा।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में इस नीति को जारी करते हुए कहा कि इस नीति से देश में हवाई खेल गतिविधियों का एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र तैयार होगा। उन्होंने कहा कि इस समय देश में करीब पांच हजार लोग हवाई खेलों से जुड़े हुए हैं और इससे करीब 80-100 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित होता है। नई हवाई खेल नीति के बाद इस क्षेत्र में एक लाख नौकरियों के सृजन में मदद मिलेगी और आने वाले वर्षों में राजस्व मौजूदा 100 करोड़ रुपये से बढ़कर 10 हजार करोड़ रुपये हो जाएगा।
नागर विमानन मंत्री ने कहा कि उनके मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में भारतीय वायु क्रीडा महासंघ का गठन किया जाएगा जो देश में हवाई खेलों की स र्वोच्च शासकीय निकाय होगा और इसमें 11 प्रकार के हवाई खेलों के राष्ट्रीय संघों का गठन करके उनके अध्यक्षों एवं सचिवों, भारतीय एयरो क्लब के सदस्यों, तीन विशेषज्ञों और सदस्य सचिव के रूप में नागर विमानन मंत्रालय के संयुक्त सचिव सहित कुल 34 सदस्य महासंघ के प्रशासनिक मंडल में होंगे। इसके सदस्यों में चार सरकार एवं अन्य निजी क्षेत्र के होंगे।
सिंधिया ने कहा कि देश में मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, आंध्र प्रदेश, पूर्वोत्तर क्षेत्र में अनेक स्थानों पर अलग अलग हवाई खेलों के लिए आरक्षित वायु क्षेत्र हवाई क्लस्टर बनाए जाएंगे, जिनमें वायु यातायात नियंत्रक की अनुमति से उनकी निगरानी में हवाई खेलों का आनंद लिया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक भारत को हवाई खेलों के क्षेत्र में शीर्ष स्थान वाला देश बनाने और देश में सुरक्षित, सस्ता एवं टिकाऊ वायु क्रीडा इकोसिस्टम बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि अंतरराष्ट्रीय हवाई खेल प्रतिस्पर्धा में भारत चोटी का देश बने और भारत स्वयं भी वर्ष 2023 में वैश्विक हवाई खेलों की प्रतियोगिता का आयोजन करे।
Created On :   7 Jun 2022 10:01 PM IST