- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- लजीज मारवाड़ी व्यंजनों की खुशबू से...
लजीज मारवाड़ी व्यंजनों की खुशबू से महकी दैनिक भास्कर की वर्कशाप

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भारतीय व्यंजनों की बात ही निराली है। जो स्वाद इनमें है वो किसी और में नहीं। विभिन्न राज्यों में बनने वाले व्यंजन अपनी-अपनी पहचान लिए होते हैं। इन्हीं व्यंजनों को बनाना सिखाया जा रहा है दैनिक भास्कर और निराली कुकरी इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ब्राइडल कुकिंग और होम मैनेजमेंट वर्कशॉप में। सदर स्थित निराली कुकरी इंस्टीट्यूट में दूसरे चरण अंतर्गत शाही दावत व्यंजनों में मारवाड़ी भोजन बनाना सिखाया गया। वर्कशॉप के दौरान पूरा परिसर मारवाड़ी भोजन की खशबू से महक उठा। शुद्ध घी से बने मारवाड़ी भोजन का स्वाद सभी ने चखा।
16 व्यंजनों से भरी थाली
हमने मारवाड़ी फूड बनाना सीखा। आज की थाली बहुत बड़ी और स्पेशल थी। इसमें 16 प्रकार के आइटम बनाने सिखाए गए, जिसमें मक्के का बाफला, चूरमा, प्लेन बाटी, केर सांगरी, स्टफ्ड बाटी, मारवाड़ी कढ़ी के साथ ही और भी कई व्यंजन रहे। शाही दावत थीम के अनुसार व्यंजन सिखाए गए। पहले मुझे कुकिंग में ज्यादा इंट्रेस्ट नहीं था, पर जब से क्लास अटेंड की है कुकिंग में इंट्रेस्ट बढ़ गया है। साथ ही नई नई चीजें बनाने की इच्छा होने लगी है।
कीर्ति केजरीवाल, प्रशिक्षणार्थी
शादी के पहले सीख रही खाना बनाना
पढ़ाई के कारण कुकिंग में ज्यादा समय नहीं दे पाती हूं। कुछ ही दिन पहले मेरी इंगेजमेंट हुई है। जब मुझे ब्राइडल कुकिंग और होम मैनेजमेंट वर्कशॉप के बारे में जानकारी मिली, तो मैंने क्लासेस ज्वाॅइन कर ली। कुछ दिन में ही लगभग सभी चीजें बनाना सीख लिया है। 1 महीने की इस क्लास में सभी स्टूडेंट्स को खाना बनाने से लेकर, होम मैनेजमेंट आदि के बारे में भी सिखाया जा रहा है। शादी के बाद अपने परिवार वालों को स्वादिष्ट अौर लजीज व्यंजन बनाकर खिलाऊंगी।
अपूर्वा गोयल, प्रशिक्षणार्थी
गर्ल्स को बनाना है परफेक्ट
आजकल के बच्चों को सिर्फ फास्ट फूड खाना ही पसंद है। वे भारतीय व्यंजनों से दूर होते जा रहे हैं। वर्कशॉप का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति से जोड़ना भी है। जिस तरह हमने मम्मी-दादी के हाथ के बने स्वादिष्ट और लजीज व्यंजन खाए हैं, उसी तरह बच्चों को भी फास्ट फूड से दूर कर पारंपरिक व्यंजनों से जोड़ना है। मैं पिछले बीस वर्षों से कुकिंग क्लासेस ले रही हूं। कई बार मैंने गर्ल्स की समस्या सुनी कि उन्हें शादी के पहले खाना बनाना सीखना है। इसलिए मैंने उन गर्ल्स के लिए ऐसा पैकेज तैयार किया है, जिससे वे कम समय में बहुत सारे आइटम बनाना सीख जाएं। साथ ही होम मैनेजमेंट, टेबल मैनर, साड़ी रेपिंग यानी शादी के बाद जो सब चीजें कुशल गृहिणी में होनी चाहिए, वे सीख जाएं। वर्कशॉप का उद्देश्य सभी को परफेक्ट बनाना है।
नीरज जैन, शैफ निराली कुकरी इंस्टीट्यूट


Created On :   23 Jun 2018 5:27 PM IST