- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- हर प्रहर रंग बदल रहा मौसम, बौछारें,...
हर प्रहर रंग बदल रहा मौसम, बौछारें, लू के थपेड़े और तेज हवाएं दिखा रही असर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मई का महीना वैसे भी गर्म लू के थपेड़े वाला माना जाता है इस महीने तेज धूप के बीच मौसम हर दिन रंग बदलता है। सोमवार का दिन भी उपराजधानी में ऐसे ही कुछ मौसम के रंग बदलते माहौल में गुजरा। भोर में ठंडी हवा, आसमान मेघों से आच्छादित फिर हल्की बूंदाबांदी। दोपहर आते-आते तीखी धूप और लू का असर। देर रात फिर बूंदा-बांदी होने से शहर के वातावरण में ठंडक छा गई। सोमवार को मौसम पल-पल बदलता नजर आया। सुबह-सुबह लगा मानों दिन सुकून से गर्मी के असर के बिना कट जाएगा। 11 बजते-बजते धूप बर्दाश्त के बाहर होने लगा। उमस और लू ने भी परेशान कर दिया।
दोपहर में आग उगल रहा सूरज
उल्लेखनीय है कि चिलचिलाती धूप ने तापमान रविवार की अपेक्षा 1 डिग्री से अधिक बढ़ा दिया। मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान व इससे जुड़े पंजाब व राजस्थान पर एक चक्रवाती चक्र बना हुआ है। उत्तर-दक्षिण द्रोणिका इस चक्रवाती चक्र से निकलकर राजस्थान व मध्य प्रदेश होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक जा रही है। उत्तराखंड व राजस्थान पर भी एक एक चक्रवाती चक्र बना हुआ है। पश्चिम बंगाल पर भी एक चक्रवाती चक्र सक्रिय है। उत्तर-दक्षिण वायु विघटन तेलंगाना से तमिलनाडु तक बना हुआ है। इससे नमी का रिसाव विदर्भ में भी बना हुआ है। हालांकि नमी कम मात्रा में प्रवेश कर रही है। इससे हवा के साथ हल्की बूंदा-बांदी तक ही सीमित है।
इस सप्ताह बना रहेगा लू का असर
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को 0.5 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। अधिकतम तामपान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ऊपर रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ऊपर 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह-सुबह बढ़ी हुई नमी शाम आते आते घट गई। आर्द्रता अधिकतम 41 तथा न्यूनतम 16 प्रतिशत दर्ज की गई। लू का असर इस सप्ताह बना रहेगा। दोपहर बाद धूल भरी तेज हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। पारा 44 डिग्री के आस-पास ही रहने के आसार हैं।
Created On :   15 May 2018 11:28 AM IST