- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पुलिस कंट्रोल रूम में बनेगा 'कमान...
पुलिस कंट्रोल रूम में बनेगा 'कमान सेंटर', रहेगी शहर की सड़कों पर नजर

डिजिटल डेस्क,नागपुर। स्मार्टसिटी प्रोजेक्ट को हर स्तर पर स्मार्ट बनाया जा रहा है। पुलिस के कंट्रोल रूम परिसर में कमान सेंटर बनायाा जा रहा है यहां से शहर की सड़कों पर नजर रखी जाएगी। करीब दो करोड़ की लागत से बनने वाली इस इमारत का निर्माणकार्य जनवरी 2019 में पूरा होने की उम्मीद पुलिस विभाग ने जताई है। इस कमान सेंटर में शहर यातायात पुलिस शहर की सड़कों पर निगरानी रख सकेगी। पुलिस को शहर की उन सभी सड़कों के बारे में पल-पल की खबरें मिलेंगी, जहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रथम चरण में अभी तक पुलिस के अनुसार करीब 2100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार 2100 और महानगरपालिका के हिसाब से 1500 सीसीटीवी कैमरों का संचालन हो रहा है। मनपा 8 मंजिला इमारत के 5 वें फ्लोर पर सीसीटीवी कैमरों का कमान सेंटर बनाने का कार्य शुरू कर चुकी है। यहां 250 से अधिक कम्प्यूटरों पर मनपा के अधिकारी निगरानी कर रहे हैं।
चौराहों के लिए होगा अलग से स्क्रीन बोर्ड
यातायात पुलिस उपायुक्त रवींद्र परदेसी के अनुसार फिलहाल मनपा के इस कमान सेंटर से शहर पुलिस समन्वय बनाकर सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों पर निगरानी रख रही है। मनपा अपने तरीके से सीसीटीवी कैमरों पर नजर रखती है, पुलिस को अपने हिसाब से नजर रखनी पड़ती है। हां यह बात सही है कि मनपा और पुलिस को एक साथ बैठकर कार्य करने में थोड़ी परेशानी जरूर होती है। स्वतंत्र रूप से इमारत बनने पर पुलिस अपने तरीके से निगरानी रख सकेगी। सेंटर के निर्माण कार्य की देखरेख में लगे सुपरवाइजर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह कमान सेंटर जनवरी 2019 तक बनकर तैयार हो जाएगा। इस कमान सेंटर में सभी सुविधाएं आधुनिक होंगी। शहर के खास चौराहों के लिए अलग से स्क्रीन बोर्ड होगा, जिस पर वीआईपी मूवमेंट से लेकर अन्य गतिविधियों पर आसानी से नजर रखी जा सकेगी। इस कमान सेंटर में मजदूरों ने कार्य शुरू कर दिया है।
पुराने क्वार्टर में मजदूरों के रहने की व्यवस्था
मजदूरों के लिए यहां के पुराने पुलिस क्वार्टरों में रहने का इंतजाम किया गया है। इन क्वार्टरों में रहने वाले मजदूरों को दिन और रात में काम करने में मदद मिलेगी। कमान सेंटर का कार्य पूरा होने के बाद उसके अंदर लगने वाले आधुनिक यंत्रों का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके निर्माण के लिए कुछ दिन पूर्व ही कमान सेंटर का भूमिपूजन किया गया था।



Created On :   30 Jan 2018 2:43 PM IST