बैंकाक यात्रा करने वाले अधिकारियों व कर्मियों की जांच के लिए समिति गठित

Committee to investigate officials and employees travel to Bangkok
बैंकाक यात्रा करने वाले अधिकारियों व कर्मियों की जांच के लिए समिति गठित
बैंकाक यात्रा करने वाले अधिकारियों व कर्मियों की जांच के लिए समिति गठित

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बिना अनुमति के बैंकॉक यात्रा करना अब जिला परिषद के अधिकारी व कर्मचारियों के लिए महंगा साबित हो रहा है। इन अधिकारियों व कर्मचारियों पर जांच का शिकंजा कसा गया है। सीईओ डॉ. कादंबरी बलकवड़े ने अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकुश केदार और निर्माणकार्य विभाग की कार्यकारी अभियंता की दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। 

जिला परिषद के 30 कर्मचारी एक सप्ताह बैंकाक यात्रा पर गए थे। जाने से पहले सभी ने विभाग प्रमुख को छुट्टी की अर्जी दी थी, परंतु अर्जी में विदेश जाने की जिक्र नहीं किया गया। निर्माणकार्य विभाग प्रमुख कार्यकारी अभियंता यह बात स्पष्ट कर चुकी है। नियम के अनुसार विदेश यात्रा का स्थल और कारण दर्ज करना अनिवार्य है। विभाग प्रमुख की बिना अनुमति के कर्मचारी विदेश दौरे पर चले जाने की जानकारी मिलने पर सीईओ बलकवड़े ने इसे गंभीरता से लिया है। 

विदेश यात्रा गए थे  
उल्लेखनीय है कि  जिला परिषद निर्माणकार्य विभाग, सिंचाई विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, पंचायत विभाग, पंचायत समिति और सेवानिवृत्त कर्मचारी बैंकाक यात्रा पर गए थे। हाल ही में सरपंच भवन की कैंटीन का ठेका रद्द किए गए ठेकेदार को भी यात्रा में शामिल किया गया। इसमें सर्वाधिक 7 कर्मचारी निर्माणकार्य विभाग के शामिल है। इसी विभाग का एक कर्मचारी यात्रा का मुख्य सूत्रधार बताया जाता है। वह विभाग के अधिकारी का करीबी माना जाता है। विदेश यात्रा की जानकारी सार्वजनिक होने से इसे दबाने के लिए जोड़तोड़ की कवायाद शुरू हो गई है। 

अधिकारियों की टालमटोल 
सूत्रों से पता चला है कि संबंधित कर्मचारियों के नोटिस बनकर तैयार है। परंतु सीईओ छुट्टी पर चली जाने से हस्ताक्षर नहीं होने के कारण जारी नहीं किए गए हैं। जांच कमेटी की सदस्य निर्माणकार्य विभाग की कार्यकारी अभियंता निता ठाकरे से संपर्क करने पर बात करने में मना कर दिया। यात्रा का सूत्रधार निर्माणकार्य विभाग का कर्मचारी रहने से उसी विभाग के अधिकारी को जांच का जिम्मा सौंपे जाने पर आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है। 

Created On :   3 May 2018 2:53 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story