- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव के...
भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव के खिलाफ शिकायत, महिलाओं के बारे अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता और गायक खेसारीलाल यादव के एक गाने में महिलाओं के प्रति फूहड़ता के आरोप में मुंबई के बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि यादव ने अपने गाने से महिलाओं का अपमान किया है इसलिए उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 292, 294 और 354 के तहत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। शिकायत की प्रति मुंबई के पुलिस आयुक्त और राज्य के पुलिस महानिदेशक को भी भेजी गई है। मामले में सनातन सेना के अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में सिंह ने कहा है कि यादव भोजपुरी फिल्मों के जाने माने चेहरे हैं और वे पिछले 10 सालों से गाने लिखते और गाते भी हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक यादव पैसे कमाने के लिए अश्लीलता और फूहड़ता का सहारा लेते हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि हाल ही में रिलीज हुआ यादव का गाना ‘चाची के बाची सपनवा में आती है’ भी फूहड़ता और अश्लीलता से भरा हुआ है। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस गाने के जरिए यादव ने महिलाओं का अनादर किया है इसलिए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाना चाहिए। पुलिस ने अभी एफआईआर दर्ज नहीं की है। शिकायत की जांच की जा रही है। बता दें कि यादव भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार हैं। वे बिगबॉस 13 में भी नजर आ चुके हैं।
Created On :   11 Jun 2021 9:10 PM IST