- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पवित्र पोर्टल बंद नहीं होंगे, बंद...
सदन की कार्यवाही: पवित्र पोर्टल बंद नहीं होंगे, बंद होंगे अवैध पशु कत्लखाने, एआई से मिलेगी बाघों की चेतावनी

- सदन में भिड़े दरेकर और काले
- राज्य में बंद होंगे अवैध पशु कत्लखाने, विप में कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने दिया आश्वासन
- बाघों की चेतावनी देने एआई आधारित वार्निंग सिस्टम
Mumbai News. विधान परिषद में प्रदेश के स्कूली शिक्षा राज्य मंत्री पंकज भोयर ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार शिक्षक भर्ती के लिए पवित्र पोर्टल को बंद नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पवित्र पोर्टल को अपडेट किया जाएगा लेकिन इसको बंद नहीं करेंगे। मंगलवार को सदन में भाजपा सदस्य निरंजन डावखरे ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए पवित्र पोर्टल को बंद करने का मुद्दा उठाया। सदन में राकांपा (अजित) के विक्रम काले, शिवसेना (शिंदे) के सदस्य भावना गवली समेत अन्य सदस्यों ने पवित्र पोर्टल को बंद करने की मांग की। इस दौरान सदन में सत्तारूढ़ और विपक्ष के कई सदस्य हंगामा करने लगे। इसके जवाब में भोयर ने कहा कि शिक्षकों के बहाने सदन में सदस्य शिक्षा संस्थान चालकों के लिए लड़ रहे हैं क्या ? इस पर सभी को विचार करने की जरूरत है। भोयर ने कहा कि शिक्षक पद के लिए अभ्यर्थियों को जिला और संभाग स्तर के स्कूलों को चुनने के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। पवित्र पोर्टल में सुधार के लिए एक बैठक भी आयोजित की जाएगी।
सदन में भिड़े दरेकर और काले
भाजपा सदस्य प्रवीण दरेकर ने कहा कि सदन के सदस्य हमेशा सिर्फ शिक्षकों के मुद्दों को उठाते हैं। लेकिन सदन में कभी-कभी विद्यार्थियों और अभिभावकों की समस्याओं पर भी चर्चा होनी चाहिए। राज्य के स्कूलों में विद्यार्थी कम हो रहे हैं। इस पर राकांपा (अजित) के सदस्य काले ने खड़े होकर टिप्पणी की। जिसके बाद दरेकर भड़क पड़े। उन्होंने काले से कहा कि आपने सदन को कब्जे में ले लिया है क्या ? आपको हर मुद्दे पर बोलने के लिए लाइसेंस मिला हुआ क्या ?
राज्य में बंद होंगे अवैध पशु कत्लखाने, विप में कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने दिया आश्वासन
प्रदेश में अवैध रूप से शुरू सभी पशु कत्लखाने को बंद किया जाएगा। इसके लिए पुलिस विभाग को निर्देश दिए जाएंगे। राज्य के कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने यह आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों के त्यौहार के समय मनपा और नगर पालिका स्तर पर अस्थायी कत्लखाने तैयार किए जाते हैं। लेकिन अब सिर्फ मनपा और नगर पालिका के स्थायी कत्लखाने में पशुओं के वध की अनुमति दी जाएगी। मंगलवार को विधान परिषद में भाजपा सदस्य विक्रांत पाटील ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए मालेगांव मनपा क्षेत्र के कुरैशी मोहल्ला से सरदार चौक तक पशुओं के वध के कारण रक्त-मिश्रित गंदा पानी के बहने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नाशिक के गोदावरी और मौसम नदी में भी रक्त-मिश्रित पानी बह रहा है। इससे संबंधित मेरे पास तस्वीरें और पेनड्राइव में सबूत भी है। इस पर सामंत ने कहा कि पाटील की ओर से दिए गए सबूत की जांच की जाएगी। सामंत ने कहा कि राज्य नदी संवर्धन योजना के तहत मोसम नदी के लिए 10 करोड़ 52 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। जिसमें से 5 करोड़ 26 लाख रुपए मालेगांव मनपा को प्रदान कर दिया गया है। सामंत ने कहा कि नाशिक में सिंहस्थ कुंभमेला साल 2027 में आयोजित होने वाला है। इसलिए नाशिक के नदियों को साफ करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
बाघों की चेतावनी देने एआई आधारित वार्निंग सिस्टम, विधान परिषद में राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने दी जानकारी
ताडोबा व्याघ्र परियोजना अंतर्गत 20 गांवों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित वार्निंग सिस्टम (चेतावनी प्रणाली) लगाया गया है। इससे बाघों की चहल-पहल होने के बाद लाउडस्पीकर पर तुरंत घोषणा होती है। जिसमें लोगों को बाघों से सावधान रहने की चेतावनी दी जाती है। विधान परिषद में प्रदेश के वन मंत्री गणेश नाईक ने यह जानकारी दी। मंगलवार को प्रश्नकाल में कांग्रेस सदस्य अभिजीत वंजारी ने चंद्रपुर में बाघों के हमले से महिलाओं की होने वाली मौत लेकर सवाल पूछा। इस पर नाईक ने कहा कि चंद्रपुर सहित दूसरे जिलों में बाघों के हमले से अभी तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। इसलिए नई तकनीकी का इस्तेमाल करके बाघों के हमले को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
Created On :   15 July 2025 9:16 PM IST