- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- एम्बुलेंस ड्राइवरों के वेतन का...
Mumbai News: एम्बुलेंस ड्राइवरों के वेतन का भुगतान, मुंबई में शुरू हो एप आधारित बस सेवा, मेडिकल कॉलेजों में एंटी रैगिंग समिति गठित, कबूतरों के लिए बनेंगे पार्क

- मुंबई में शुरू हो एप आधारित बस सेवा- विप सदन में भाजपा सदस्य निरंजन डावखरे ने की मांग
- नाशिक विवि में तीन साल में रैगिंग के 50 मामले
- मुंबई में कबूतरों के लिए बनाया जाएगा स्वतंत्र पार्क
Mumbai News. राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग की 102 नंबर की एम्बुलेंस सेवा योजना के लिए केंद्र सरकार से बीते जून महीने में किश्त प्राप्त हुई है। इससे एम्बुलेंस के ड्राइवरों का बकाया वेतन और ईंधन समेत अन्य खर्च का भुगतान कर दिया गया है। विधान परिषद में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने यह जानकारी दी। सोमवार को प्रश्नकाल में राकांपा (अजित) के सदस्य शिवाजीराव गर्जे ने एम्बुलेंस के ड्राइवरों के वेतन नहीं मिलने को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में आबिटकर ने कहा कि केंद्र सरकार से बीते जनवरी में आखिरी चरण की निधि नहीं मिली थी। इस कारण एम्बुलेंस के ड्राइवरों के वेतन में देरी हुई है। राज्य में 102 क्रमांक की 3332 एम्बुलेंस हैं। आबिटकर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के ठेका कर्मियों को समय पर वेतन नहीं देने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई होगी। इस बीच एक सवाल के जवाब में आबिटकर ने कहा कि 9 से 14 आयु वर्ग की लड़कियों को कैंसर टीका लगाने के लिए राज्य और केंद्र सरकार के स्तर पर प्रयास शुरू है। लेकिन अभी तक विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसके लिए अनुमति नहीं दी है।
नाशिक विवि में तीन साल में रैगिंग के 50 मामले
नाशिक स्थित महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में साल 2022 से साल 2024 के बीच रैगिंग की 50 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जिसका स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय ने संज्ञान लिया है। विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने यह जानकारी दी। आबिटकर ने बताया कि स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में प्राप्त 9 शिकायतें गंभीर स्वरूप की थीं। जबकि 41 शिकायतें सामान्य थीं। इन शिकायतों में किसी विद्यार्थी की मौत के मामले सामने नहीं आए हैं। आबिटकर ने बताया कि साल 2021 के नियमों राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में अधिष्ठाता (डीन) के स्तर पर स्वतंत्र एंटी रैगिंग समिति गठित की गई है। यह समिति विद्यार्थियों की समस्याओं की समीक्षा करती है। सदन के राकांपा (अजित) के सदस्य संजय खोडके ने इस बारे में सवाल पूछा था।
मुंबई में शुरू हो एप आधारित बस सेवा- विप सदन में भाजपा सदस्य निरंजन डावखरे ने की मांग
विधान परिषद में भाजपा सदस्य निरंजन डावखरे ने उबर शटल, सिटी फ्लो समेत दूसरी एप आधारित बस सेवा शुरू करने के लिए राज्य सरकार से अनुमति देने की मांग की है। सोमवार को सदन में डावखरे ने पॉइंट ऑफ इन्फॉर्मेशन के जरिए यह मुद्दा उठाया। डावखरे ने कहा कि सरकार ने अनुमति नहीं लेने के कारण एप आधारित बस सेवाओं को अचानक बंद कर दिया है। लेकिन कलवा, ठाणे, मुलुंड से बीकेसी और दक्षिण मुंबई में प्रतिदिन 40 से 50 नौकरीपेशा लोग सफर करते थे। उपनगरीय लोकल ट्रेनों में प्रचंड भीड़ होती है। बीते जून महीने में मुंब्रा ट्रेन हादसा भी हुआ है। अब एप आधारित बस सेवाएं बंद होने के कारण नौकरी पेशा लोगों को काफी असुविधाएं हो रही हैं। इसलिए सरकार को ऑनलाइन सेवा प्रदाताओं को दोबारा बस सेवाएं शुरू करने के लिए नियमों के तहत मंजूरी देना चाहिए। डावखरे ने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र में एप आधारित लगभग 800 बसें चल रही थीं। जिसमें से 500 बसें उबर शटल की थी।
मुंबई में कबूतरों के लिए बनाया जाएगा स्वतंत्र पार्क
मुंबई में कबूतरों के लिए आवासीय बस्तियों से काफी दूर स्वतंत्र पार्क बनाया जाएगा। इस बारे में मुंबई मनपा को सोमवार को विधान परिषद में राज्य के कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि आवासीय बस्ती से दूर स्थल पर कबूतर पार्क बनाने के लिए मुंबई मनपा को निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को सदन में शिवसेना (उद्धव) के सदस्य सुनील शिंदे ने नियम-93 के तहत कबूतरों को विजनवास (एकांतवास) में छोड़ने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देश पर मुंबई मनपा कबूतर खानों को बंद कर रही है। इससे कबूतर इमारतों के घरों में जा रहे हैं। इस कारण लोगों को बीमारी हो रही है। दूसरी ओर यदि कबूतरों का दाना पानी बंद किया गया तो यह प्रजाति ही नष्ट हो जाएगी। इसलिए कबूतरों का जतन करना भी आवश्यक है। इसके जवाब में सामंत ने कहा कि कबूतरों के विष्ठा से अनेक बीमारियां होती हैं। इस बारे में मुंबई मनपा के केईएम अस्पताल की रिपोर्ट भी है। इसलिए सरकार ने मुंबई मनपा को कबूतर खानों को बंद करने का निर्देश दिया था।
Created On :   14 July 2025 9:37 PM IST