भास्कर इंपैक्ट: परिवहन विभाग की सख्ती के बाद अवैध रूप से चल रही उबर की शटल बस सेवा बंद

परिवहन विभाग की सख्ती के बाद अवैध रूप से चल रही उबर की शटल बस सेवा बंद
  • दैनिक भास्कर की खबर का बड़ा असर
  • अवैध रूप से चल रही उबर की शटल बस सेवा बंद

Mumbai News. मुंबई में पिछले काफी समय से परिवहन विभाग की इजाजत के बगैर चल रही उबर की शटल बस सेवा आखिरकार बंद हो गई है। राज्य सरकार की सख्ती के बाद उबर कंपनी ने मुंबई में शटल बसों का परिचालन बंद कर दिया है। दरअसल राज्य सरकार ने परिवहन आयुक्त विवेक भीमनवार को इस तरह की अवैध बसों पर कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए थे, जिसके बाद उबर ने स्वयं मुंबई में शटल बसों का परिचालन बंद कर दिया। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर ने मुंबई में चल रहीं उबर की शटल बसों को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। यह मुद्दा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक नाना पटोले ने विधानसभा में दो बार उठाया। इसके बाद सरकार ने परिवहन आयुक्त को उबर पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए थे।

परिवहन आयुक्त भीमनवार ने रविवार को 'दैनिक भास्कर' को बताया कि परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक के बाद राज्य के सभी परिवहन अधिकारियों को मुंबई समेत महाराष्ट्र में चल रही ऐप आधारित बसों, बाइक टैक्सी पर कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। भीमनवार ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि उबर ने मुंबई में शटल बस सेवा का परिचालन बंद कर दिया है। लेकिन हमने उबर कंपनी को अवैध रूप से मुंबई में शटल बस चलाने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसका अभी तक कंपनी ने जवाब नहीं दिया है।

दैनिक भास्कर ने छापी थी प्रमुखता से खबर

गौरतलब है कि 'दैनिक भास्कर' ने अवैध तरीके से मुंबई में उबर की शटल बसें चलने की खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया था और कार्रवाई करने की मांग की थी। इन बसों पर सरकार द्वारा कार्रवाई नहीं करने के बाद पटोले ने खबर को दोबारा सदन में उठाते हुए खुद सरकार की मंशा पर सवाल उठाए थे। आखिरकार परिवहन विभाग की कार्रवाई से पहले ही उबर प्रबंधन ने मुंबई में शटल बसों के परिचालन को रोक दिया।

Created On :   13 July 2025 9:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story