प्रीमियम अदा किया लेकिन नहीं मिली बीमा की राशि

condition of farmers: Premium paid but Amount of insurance not found
प्रीमियम अदा किया लेकिन नहीं मिली बीमा की राशि
प्रीमियम अदा किया लेकिन नहीं मिली बीमा की राशि

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। सूखा, अल्प वर्षा, अतिवर्षा, ओला से खराब हुई फसलों के नुकसान से उबरने के लिए किसान फसल बीमा कराता है, ताकि उसे राहत मिल सके। लेकिन विभागीय उदासीनता और लेट-लतीफी के कारण किसानों के खातों में बीमा की राशि देरी से पहुंचती है। ऐसा ही हाल खरीफ 2016 की फसल के साथ है जहां पर 11 हजार से ज्यादा किसानों ने फसलों का बीमा कराया था, जिसकी क्लेम राशि का आवंटन भी हो गया है लेकिन अब तक किसानों के खातें में राशि नहीं पहुंची है। बीमा राशि का पता करने रोज किसान बैंक और समितियों के चक्कर लगा रहे है लेकिन उन्हें राशि कब आएगी, इसकी जानकारी अब तक उन्हें नहीं दी जा रही है। किसानों के हाल है कि इस वर्ष अल्प बारिश के कारण किसानों को पिछले बीमा क्लेम की राशि का इंतजार है लेकिन वह भी उसे नहीं मिल पा रही है। अधिकारी सिर्फ बीमा कंपनियों से चर्चा करने की बात कर रहे है जबकि क्लेम की तकरीबन 2 करोड़ की राशि आवंटित हो चुकी है। 

40 पटवारी हल्कों की फसल हुई थी खराब

खरीफ 2016 की फसल प्राकृतिक आपदा के कारण खराब हो गई थी। शासकीय सर्वे के अनुसार तकरीबन 40 पटवारी हल्कों के 11 हजार 49 किसानों की फसल खराब हुई थी। इन किसानों के बीमा होने के बाद इनके बीमा क्लेम की राशि 2 करोड़ 82 लाख रुपए की राशि आवंटित हुई है। लेकिन एक माह से ज्यादा का समय बीतने के बाद भी बीमा की राशि अब तक किसानों के खाते में नहीं पहुंची है। इस मामले में विभाग का दावा था कि 16 अगस्त से किसानों के खाते में राशि चली जाएगी, लेकिन राशि आवंटन नहीं हुआ। 

अभी मिले तो बने बात 

खरीफ 2016 में खराब हुई फसल बीमा राशि की आवश्यकता किसानों को वर्तमान में है लेकिन राशि अब तक किसानों को नहीं मिली है। हर दिन किसान बैंकों के चक्कर लगा रहे है लेकिन उन्हें जानकारी नहीं मिल रही है। कुछ किसानों के नाम तो क्लेम राशि वाली सूची में नहीं है जिन्हें यह कहा जा रहा है कि पूरक सूची में नाम आएगा।  

इस वर्ष 80 हजार से ज्यादा ने कराया बीमा 

पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष बीमा कराने वाले किसानों की संख्या में कमी है। इस वर्ष 75 हजार ऋणी, 39 सौ अऋणी और 1321 उद्यानिकी फसलों के लिए बीमा कराया है। 

 

Created On :   30 Aug 2017 7:49 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story