RSS की राह पर चली कांग्रेस, तैयार करेगी अपने स्वयंसेवक, नाम होगा बाल कार्यकर्ता

Congress Child Seva Dal will be opened at the district level
RSS की राह पर चली कांग्रेस, तैयार करेगी अपने स्वयंसेवक, नाम होगा बाल कार्यकर्ता
RSS की राह पर चली कांग्रेस, तैयार करेगी अपने स्वयंसेवक, नाम होगा बाल कार्यकर्ता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों की तरह कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को तैयार करने के लिए व्यापक अभियान चलाने की तैयारी चल रही है। संघ के स्वयंसेवकों को प्राथमिक प्रशिक्षण शाखाओं में मिलता है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण के लिए केंद्र खोले जाएंगे। बाल सेवादल कार्यकर्ता के तौर पर बालकों को विविध प्रशिक्षण दिए जाएंगे। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रभारी छोटाबाबू राय के अनुसार, बाल सेवादल को पुनगर्ठित किया जा रहा है। राज्य में बुलढाणा जिले से इसकी शुरूआत हो गई है। जल्द ही राज्य में सभी जिला स्तर पर बाल सेवादल के केंद्र खुलेंगे।

नागपुर में रहा है प्रभाव
कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय संगठक कृष्ण कुमार पांडे के अनुसार बाल सेवादल प्रशिक्षण कार्यक्रम नागपुर में प्रभावी रहा है। कांग्रेस सेवादल की स्थापना 1923 में हुई थी। नागपुर में ही कांग्रेस के सत्याग्रहियों ने सेवादल की संकल्पना की थी। डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार भी सेवादल से जुड़े थे। कांग्रेस की कार्यकर्ता प्रशिक्षण शैली से वे वाकिफ थे। बाद में 1925 को डॉ. हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। नागपुर व आस-पास के क्षेत्रों में बाल सेवादल का प्रशिक्षण कार्य इतना प्रभावी था कि इस संगठन से प्रशिक्षित कार्यकर्ता बाद में कांग्रेस की राजनीति में स्थापित हुए। विधायक व मंत्री तक बने।

नागपुर के अलावा कामठी, रामटेक के बाल सेवादल केंद्र में प्रशिक्षार्थियों की संख्या अधिक थी। आनंदराव कलमकर, मधुकरराव किम्मतकर, पठान गुरुजी, यादवराव देवगडे, हरिभाऊ नाइक, शंकरराव सावरकर, केशव शेंडे जैसे सेवादल प्रशिक्षकों में से कुछ को विधायक व मंत्री तक बनने का मौका मिला।

कैसे चलता था प्रशिक्षण
नागपुर में बाल सेवादल का मुख्य केंद्र चिटणीस पार्क हुआ करता था। शहर में 20 से अधिक प्रशिक्षण केंद्र में रोजाना गली-मोहल्ले के बाल कार्यकर्ता एकत्र होते थे। उन्हें सामाजिक, राजनीतिक व राष्ट्रीय कार्यों की जानकारी दी जाती थी। नीली हाफ पैंट, सफेद शर्ट व खादी टोपी बाल कार्यकर्ताओं की पोशाक थी। हर माह अंतिम रविवार को झंडावंदन होता था।

बदले हुए दौर के लिहाज से प्रशिक्षण की व्यवस्था
कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रभारी छोटाबाबू राय के अनुसार, बाल कार्यकर्ताओं को बदले हुए दौर के लिहाज से प्रशिक्षिण किया जाएगा। बाल कार्यकर्ताआें को भारतीय संस्कार की जानकारी दी जाएगी। महापुरुषों की जीवनी से अवगत कराया जाएगा। किशोर कार्यकर्ताओं की पोशाक में नीली जींस पैंट का समावेश रहेगा। दो माह पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस सेवादल के पुनर्गठन के बारे में व्यापक योजना बनाई है। उस पर अमल किया जाएगा। प्राथमिक के अलावा प्रदेश व राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन होगा। सेवादल संगठक कृष्ण कुमार पांडे के अनुसार 3 माह में सेवादल कार्य का विस्तार हो जाएगा।

Created On :   27 Jun 2018 8:09 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story