महंगाई पर भाजपा को घेरा, कहा- भाजपा को जनता माफ नहीं करेगी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद कांग्रेस पार्टी का जोश हाई है। जोश से लबरेज कांग्रेस ने दिवाली की पूर्व संध्या पर भाजपा को महंगाई के मसले पर निशाने पर लिया और कहा कि महंगाई से त्रस्त जनता उसे माफ नहीं करेगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महंगाई को लेकर ट्वीट किया, ‘दिवाली है। महंगाई चरम पर है। व्यंग्य की बात नहीं है। काश! मोदी सरकार के पास जनता के लिए एक संवेदनशील दिल होता’। बढ़ती महंगाई पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी मोदी सरकार को घेरा। उन्होने ट्वीट किया, ‘त्योहार का समय है। महंगाई से आमजन परेशान हैं। भाजपा सरकार की लूट वाली सोच ने त्योहार से पहले महंगाई कम करने की बजाय गैस सिलेंडर, पेट्रोल डीजल, तेल, सब्जी के दाम आसमान पर पहुंचा दिए। चुनाव के समय भाजपा 1-2 रू घटाकर जनता के बीच जाएगी, तब उसे करारा जवाब मिलेगा। जनता माफ नहीं करेगी’। दरअसल कांग्रेस को यह बात समझ में आ गई है कि आने वाले दिनों में महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा बनेगी। बता दें कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी महंगाई को वैश्विक मुद्दा बताते हुए कहा है कि उपचुनावों में पार्टी की हार महंगाई की वजह से हुई है।
Created On :   3 Nov 2021 9:17 PM IST