सीटों की अदला-बदली - नागपुर से कांग्रेस और नाशिक से शिवसेना लड़ेगी चुनाव

Congress will contest from Nagpur and Shiv Sena from Nashik
सीटों की अदला-बदली - नागपुर से कांग्रेस और नाशिक से शिवसेना लड़ेगी चुनाव
विधान परिषद चुनाव सीटों की अदला-बदली - नागपुर से कांग्रेस और नाशिक से शिवसेना लड़ेगी चुनाव

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधान परिषद की नाशिक स्नातक सीटपर बगावत करके निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस नेता सत्यजीत तांबे के मैदान में आने के बाद विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी के दो दलों कांग्रेस और शिवसेना ने सीटों की अदला बदली की है। कांग्रेस ने नाशिक सीट को शिवसेना के लिए छोड़ दिया है। इसके बदले शिवसेना ने नागपुर विभाग शिक्षक सीट कांग्रेस को दी है। नाशिक सीट पर महाविकास आघाड़ी की ओर से महा विकास आघाडी समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी शुभांगी पाटील और निर्दलीय उम्मीदवार सत्यजीत तांबे के बीच सीधा मुकाबला होगा। भाजपा ने नाशिक सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं खड़ा किया है। इस लिए भाजपा कांग्रेस के बागी सत्यजीत को समर्थन दे सकती है।  

दूसरी ओर महाविकास आघाड़ी के तमाम प्रयासों के बावजूद राकांपा के उम्मीदवारों ने नागपुर शिक्षक सीट और औरंगाबाद विभाग शिक्षक सीट पर बगावत की है। जबकि नागपुर सीट पर महाविकास आघाड़ी के सहयोगी शिक्षक परिषद ने भी अपने उम्मीदवार का पर्चा वापस नहीं लिया है। इससे विधान परिषद की पांच साटों पर 30 जनवरी को होने वाले चुनाव में महाविकास आघाड़ी की डगर कठिन नजर आ रही है।

शुभांगी पाटील महा आघाड़ी की उम्मीदवार, भाजपा ने कायम रखा है संस्पेंस

विधान परिषद की तीन स्नातक और दो शिक्षक सीटों के उम्मीदवारों के पर्चा वापस लेने के आखिरी दिन सोमवार को कई प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया। नाशिक सीट पर पहले शिवसेना ने निर्दलीय उम्मीदवार शुभांगी पाटील को समर्थन दिया था। बाद में कांग्रेस व राकांपा ने भी पाटील को समर्थन दे दिया। इससे अबशुभांगी विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी की उम्मीदवार हो गई हैं।जबकि नाशिक सीट पर निर्दलीय पर्चा दाखिल करने वाले धनंजय जाधव और धनराज विसपुते ने नामांकन वापस ले लिया है। अब शुभांगी का मुकाबला निर्दलीय उम्मीदवार सत्यजीत तांबे से होगा। माना जा रहा है कि सत्यजीत को भाजपा समर्थन दे देगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले दिल्ली में हैं। उनके लौटने के बाद तांबे को समर्थन देने के बारे में उचित फैसला लिया जाएगा। वहीं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राऊत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री तथा पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुभांगी को समर्थन देने का फैसला लिया है। उन्हें कांग्रेस और राकांपा का भी समर्थन है। जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि नाशिक सीट पर शुभांगी महाविकास आघाड़ी की उम्मीदवार होंगी।

नागपुर शिक्षक सीट परमहाविकास आघाड़ी में बगावत 

नागपुर शिक्षक सीट पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उम्मीदवार गंगाधर नाकाडे ने पर्चा वापस ले लिया है। इससे नागपुर सीट पर कांग्रेस ने निर्दलीय प्रत्याशी सुधाकर अडबाले को समर्थन देने का फैसला लिया है। अडबाले अब महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार होंगे। इस सीट पर अडबाले और भाजपा समर्थित नागो गाणार के बीच मुकाबला होगा। महाराष्ट्र राज्य शिक्षक परिषद के प्रत्याशी गाणार को भाजपा ने समर्थन दिया है। लेकिन इस सीट को लेकर महाविकास आघाड़ी में बगावत हो गई है। राकांपा के सतीश इटकेलवार ने बगावत की है। सोमवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन इटकेलवार ने पर्चा वापस नहीं लिया है। इसके बाद राकांपा ने उन्हें पार्टी से बाहर निकाल दिया। इसके अलावा जेडयू समर्थित शिक्षक भारती के राजेंद्र झाडे भी मैदान में डटे हुए हैं। इससे कांग्रेस समर्थित अडबोले की राह आसान नजर नहीं आ रही है।

औरंगाबादमेंबगावत करने वाले सोलुंके को राकांपा ने निकाला 

विधान परिषद की औरंगाबाद शिक्षक विभाग सीट पर राकांपा में बगावत हो गई है। औरंगाबाद सीट पर राकांपा के अधिकृत उम्मीदवार विक्रम काले हैं। राकांपा प्रत्याशी काले का मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार किरण पाटील से होगा। लेकिन इस सीट पर राकांपा के प्रदीप सोलुंके ने भी पर्चा दाखिल किया है। सोलुंके के नामांकन वापस नहीं लेने के चलते राकांपा ने अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए उन्हें पार्टी से निकाल दिया है। वहीं सोलुंके ने कहा कि मैंने राकांपा से टिकट मांगा था। लेकिन राकांपा ने वर्तमान में विधायक रहे काले को ही टिकट दिया है। क्या हम लोगकेवल दरी उठाने का काम करते रहे? सोलुंके ने कहा कि राकांपा अध्यक्ष शरद पवार हमेशा कहते हैं कि अवसर नहीं मिलता है तो मौके को खींचकर लाना चाहिए।इस लिए मैं इस चुनाव में पीछे नहीं हटूंगा। सोलुंके के बगावत के चलते राकांपा उम्मीदवार काले के सामने मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

अमरावती सीट पर भाजपा और कांग्रेस में भिड़त 

विधान परिषद की अमरावती स्नातक सीट पर भाजपा उम्मीदवार रणजीत पाटील और कांग्रेस प्रत्याशी धीरज लिंगाडे के बीच सीधी भिड़त होगी। धीरज शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता रहे हैं। एक सप्ताह पहले ही वे कांग्रेस में शामिल हुए थे। 

कोंकण सीट पर भाजपा और शेकाप में टक्कर 

विधान परिषद की कोंकण विभाग शिक्षक सीट पर शेकाप (शेतकरी कामगार पक्ष) के प्रत्याशी बालाराम पाटील और भाजपा उम्मीदवार ज्ञानेश्वर म्हात्रे के बीच टक्कर होगी। शेकाप समर्थित पाटील बतौर निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्हें महाविकास आघाड़ी ने समर्थन दिया है। कोंकण सीट पर महाराष्ट्र राज्य शिक्षक परिषद के प्रत्याशी वेणुनाथ कडू ने नामांकन वापस ले लिया है। इसके बदले में भाजपा ने शिक्षक परिषद के लिए नागपुर सीट पर समर्थन दिया है। 

इनके बीच होगा मुकाबला 

नागपुर शिक्षक सीट -  नागोगाणार (भाजपासमर्थित)
                              सुधाकर अडबाले  (कांग्रेससमर्थित)
                              सतीश इटकेलवार (राकांपा के बागी)
                              राजेंद्र झाडे ( जेडीयू समर्थित )     

औरंगाबाद शिक्षक सीट-  विक्रमकाले (राकांपा)
                                  किरण पाटील (भाजपा)
                                  प्रदीप सोलुंके (राकांपा के बागी)

कोंकण शिक्षक सीट पर - बालाराम पाटील (शेकाप)
                                  ज्ञानेश्वर म्हात्रे (भाजपा)
नाशिक स्नातक सीट   - शुभांगीपाटील (शिवसेनासमर्थित)           
                                  सत्यजीत तांबे (निर्दलीय)
अमरावती स्नातक सीट -  रणजीतपाटीलभाजपा (भाजपा)
                                   धीरज लिंगाडे (कांग्रेस) 
 

Created On :   16 Jan 2023 9:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story