- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महाजनादेश यात्रा का विरोध करने पर...
महाजनादेश यात्रा का विरोध करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मारपीट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में निकली भाजपा की महाजनादेश यात्रा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निषेध किया। शनिवार को विरोध प्रदर्शन के पहले ही कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। काली पट्टी दिखा रहे युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सख्ती के साथ रोका। उधर, भंडारा में भी निषेध प्रदर्शन किए जाने की खबर है। यात्रा के निषेध के लिए कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा शांति भंग करने की तैयारी की सूचना मिली थी। सुबह 7.30 बजे अतुल लोंढे सहित 3 कार्यकर्ताओं को उनके निवास स्थान से हिरासत में लिया गया। नंदनवन पुलिस थाने में दोपहर 1.30 बजे तक रखने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। लोंढे को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बालासाहब थोरात व पूर्व अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने ट्वीट कर सरकार का निषेध किया। दोपहर में ही टेलीफोन एक्सचेंज चौक के पास महाजनादेश यात्रा का निषेध कर रहे युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सख्ती के साथ परिसर से हटाया। कुछ कार्यकर्ताओं से मारपीट भी की गई। अक्षय घाटोले, ऋषि चौहान व इरफान शेख को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया।
प्रचार पाना मकसद
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुताबिक मुख्यमंत्री पुलिस को नहीं कहता है कि इसको या उसको गिरफ्तार करो। यहां भी पुलिस ने अपना काम किया है। कुछ लोग प्रचार पाने के लिए इस तरह का कार्य करते रहते हैं।
संवैधानिक अधिकार का हनन
प्रवक्ता प्रदेश कांग्रेस अतुल लोंढे ने कहा कि पूर्व नागपुर में स्मार्ट सिटी प्रकल्प प्रभावित, डंपिंग यार्ड प्रभावित व अन्य पीड़ित लोगों की बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की तैयारी की थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने पुलिस भिजवाकर विरोध की आवाज दबा दी। यह संवैधानिक अधिकार का हनन है।
गुंडागर्दी दिखाते हुए मारपीट
सचिव युवक कांग्रेस बंटी शेलके के मुताबिक कार्यकर्ताओं ने उन्नाव प्रकरण के पीड़ितों को न्याय देने की मांग मुख्यमंत्री से करने का प्रयास किया था, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुंडागर्दी दिखाते हुए मारपीट की।
Created On :   4 Aug 2019 7:18 PM IST