- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- शासन ने नहीं दिया चुंगीकर, वेतन को...
शासन ने नहीं दिया चुंगीकर, वेतन को तरसे निगम कर्मचारी -ठेका, मस्टर और स्थाई कर्मचारियों को भी नहीं मिला फरवरी में वेतन

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। फरवरी माह बीतने को है लेकिन नगर निगम में पदस्थ कर्मचारियों को अब तक जनवरी का वेतन नसीब नहीं हुआ है। स्थाई कर्मचारियों को जैसे-तैसे वेतन देने के बाद अब निगम की माली हालत ऐसी भी नहीं बची है कि वह निगम में कार्य कर रहे बाकी कर्मचारियों को वेतन दे सकें। नगर निगम में तकरीबन 1500 कर्मचारी कार्य करते हैं। जिसमें से ठेका, स्थाई सहित मस्टर कर्मचारियों को जनवरी का वेतन प्रदान नहीं किया गया। शासन से प्रतिमाह मिलने वाले चुंगीकर को इस बार निगम को नहीं दिए जाने की वजह से ये स्थिति बनी है। पिछले दिनों हुई राजस्व वसूली से जैसे-तैसे निगम के स्थाई कर्मचारियों को वेतन दिया गया, लेकिन उसके बाद अन्य कर्मचारियो को देने के लिए विभाग के पास फंड ही मौजूद नहीं है। बताया जा रहा है कि 800 से ज्यादा कर्मचारियों को अभी तक वेतन नहीं प्रदान किया गया है।
कटौती के बाद नहीं मिल रहा चुंगीकर
चुंगीकर के रूप में पहले नगर निगम को प्रतिमाह 1 करोड ़93 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाती थी लेकिन पिछले दिनों चुंगीकर में बड़ी कटौती की गई। अब तकरीबन 1 करोड़ 23 लाख चुंगीकर निगम को दिया जा रहा है। वह भी कभी समय पर शासन स्तर से नहीं आ पाता है। इस वजह से कर्मचारियों को नियमित वेतन प्रदान नहीं किया जा रहा।
1 करोड़ 31 लाख बांट दिए वेतन में
चुंगीकर नहीं आने के बाबजूद अभी तक स्थाई कर्मचारियों को 1 करोड़ 31 लाख रुपए वेतन के रूप में प्रदान किए जा चुके है। ये राशि हर महीने होने वाली राजस्व वसूली से निगम द्वारा कर्मचारियों को प्रदान की गई। अभी भी तकरीबन 1 करोड़ 27 लाख रुपए की राशि कर्मचारियों को वेतन के रूप में दी जानी है।
Created On :   29 Feb 2020 2:50 PM IST