अस्पताल की रसोई में गैस खत्म, दिनभर भूखे रहे मरीज

cooking Gas finishes in the hospitals kitchen
अस्पताल की रसोई में गैस खत्म, दिनभर भूखे रहे मरीज
अस्पताल की रसोई में गैस खत्म, दिनभर भूखे रहे मरीज

डिजिटल डेस्क, बिछुआ/छिंदवाड़ा। बिछुआ अस्पताल में शुक्रवार को रसोई में सिलेंडर न होने के कारण मरीजों को पूरे दिन भूखा ही रहना पड़ा अस्पताल में दूसरे सिलेंडर न होने के चलते परेशानी और बड़ी हो गईं। अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते यहां भर्ती मरीज दिन भर भूख से तड़पते रहे। बताया जा रहा है कि देर शाम एक डॉक्टर ने अपनी जेब से भुगतान किया तब जाकर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सका। जैसे तैसे रात आठ बजे मरीजों को भोजन परोसा जा सका। अस्पताल में लापरवाही का यह पहला नमूना नहीं बल्कि पूर्व में भी इस तरह की स्थिति निर्मित हो चुकी है। 

30 बिस्तर का अस्पताल 27 मरीज भर्ती

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछुआ में 30 बिस्तर हैं। फिलहाल यहां प्रसूता वार्ड में 5, जनरल वार्ड में दो और एनआरसी में 11 बच्चे व 9 महिलाएं हैं। ये सभी शुक्रवार को चाय व बिस्किट के बाद भोजन का इंतजार करते रहे। आदिवासी अंचल के इन मरीजों की प्रबंधन भूख नहीं मिटा पाया।

सिलेंडरों का भुगतान नहीं कर पा रहा अस्पताल

सूत्रों के मुताबिक गैस एजेंसी का अस्पताल पर बकाया है। करीब 5 सिलेंडरों का भुगतान नहीं किया गया है। वैसे तो अस्पताल में दो कमर्शियल और तीन घरेलू, 5 गैस सिलेंडर हैं, लेकिन एक सिलेंडर ही रिफिल कराया जा रहा है। 15 दिनों में सिलेंडर खत्म हो जाता है। 

अगस्त में दोनों टाइम भूखे रहे थे मरीज

अगस्त की 29 तारीख को भी ऐसी ही स्थिति बनी थी। अस्पताल की रसोई में गैस खत्म हो जाने के कारण उस दिन तो मरीजों को दोपहर और रात दोनों टाइम भोजन नहीं परोसा गया था। शुक्रवार को अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिर वही लापरवाही दोहराई गई। जिसका खामियाजा मरीजों को भूखे रहकर भुगतना पड़ा। 

नवजातों को टीका भी नहीं लगा पा रहे

लापरवाही सिर्फ किचन तक ही सीमित नहीं है। अस्पताल के प्रसूता वार्ड में जन्म ले रहे शिशुओं को 24 घंटे के भीतर लगने वाले टीके भी नहीं लग पा रहे हैं। प्रसूता चंपा के मुताबिक गुरुवार शाम को डिलीवरी के बाद से अब तक उसके बच्चे को टीका नहीं लगाया गया।

भर्ती मरीजों का कहना- दिन भर भूखे रहना पड़ा

कल शाम में खाना मिला, आज सुबह चाय बिस्किट दी गई थी। दोपहर में भोजन नहीं दिया गया। दिनभर भूखे रहना पड़ा। बाद  में दलिया दिया गया। 
 

Created On :   16 Sept 2017 8:50 AM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story