कोरोना : संसदीय क्षेत्र में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाएं-डॉ. महात्मे

Corona increase awareness among people in parliamentary constituency dr mahatme
कोरोना : संसदीय क्षेत्र में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाएं-डॉ. महात्मे
कोरोना : संसदीय क्षेत्र में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाएं-डॉ. महात्मे

डिजिटल डेस्क, नागपुर ।  शहर में राज्यसभा सदस्य डॉ. विकास महात्मे के प्रयास से चल रहे वन हेल्थ सेंटर की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सराहना की है। उन्होंने कहा है कि इस तरह के प्रयास होते रहना चाहिए। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए  डॉ. हर्षवर्धन, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने  शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा के 38 डॉक्टर सांसदों के साथ एक बैठक की। 

सरकार उठा रही कदम
बैठक में डॉक्टर सांसदों से  आह्वान किया गया कि  वह कोरोना वायरस महामारी को लेकर अपने संसदीय क्षेत्र में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाएं। बैठक में स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य राज्य मंत्री और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान प्रमुख भी उपस्थित थे। बैठक में कोरोना वायरस के अनेक मुद्दों पर चर्चा कर कहा गया कि सरकार कई कदम उठा रही है। कोरोना के लिए जांच अधिक संख्या मे उपलब्ध कराई गई है।  पूरी ताकत से हम इस संकट का सामना कर रहे हैं। 

बीमारियों की जांच होगी
बैठक में स्वास्थ्य सचिव प्रिया सूदन ने सांसद पद्मश्री डॉ. विकास महात्मे की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. महात्मे विजनरी हैं। विगत 2 वर्ष से उन्होंने नागपुर में वन हेल्थ इंस्टीट्यूट लाने का प्रयास किया और वह नागपुर में शुरू भी हो गया। यह  इंस्टीट्यूट जानवरों से मनुष्य और मनुष्य से जानवरों में ट्रांसमिट होने वाली बीमारियों के संसोधन में काम करती है। इसमे विरोलॉजी लैब  होने से कोरोना जैसी बीमारियों के बारे में यहां जांच कर पाएंगे। आनेवाले भविष्य में  वन हेल्थ इंस्टीट्यूट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कोरोना के लिए रिटायर्ड डॉक्टर्स आगे आएं
जिला प्रशासन, मनपा प्रशासन सहित संपूर्ण स्वास्थ्य मशीनरी काम पर लगी है। स्वास्थ्य मशीनरी के सहयोग के लिए वैद्यकीय क्षेत्र से रिटायर्ड अधिकारी-कर्मचारियों को आगे आने का आह्वान नागपुर महानगरपालिका द्वारा किया गया है।  कोरोना से लड़ने के लिए संपूर्ण स्वास्थ्य मशीनरी दिन-रात काम कर रही है। सतर्कता बरतने का नागरिकों से आह्वान किया गया है। फिर भी भविष्य में गंभीर परिस्थिति निर्माण होती है, तो स्वास्थ्य विभाग की टीम कम पड़ सकती है। इसे ध्यान में रखकर पूर्व अर्ध सैनिक बल, सैनिकी सेवा, शासकीय स्वास्थ्य सेवा, मनपा स्वास्थ्य सेवा आदि जगह सेवा देकर सेवानिवृत्त हुए वैद्यकीय अधिकारी, कर्मचारी, डीएमएलटी व्यक्ति आदि से स्वयं आगे आकर कोरोना से एकजुट होकर लड़ने के लिए स्वास्थ्य सेवा दें, यह आह्वान किया गया है। जो व्यक्ति सेवा देने के लिए इच्छुक हैं, वे मनपा के सहायक वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण गंटावार से 9822569213 मोबाइल क्रमांक पर संपर्क कर सकते हैं।
 

Created On :   24 March 2020 10:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story