- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- Corona : बेखौफ भीड़ का असर, नागपुर...
Corona : बेखौफ भीड़ का असर, नागपुर में बढ़ा संक्रमण, जानिए - विदर्भ के ताजा आंकड़े

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दिवाली में खरीदारी के लिए बाजारों में बेखौफ जुटी भीड़ का असर त्यौहार के बाद अब दिखाई देना शुरू हो गया है। लगातार तीन दिन से कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गुरुवार को 443 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। इससे पहले बुधवार को 389, मंगलवार को 262 और सोमवार को 114 मरीज दर्ज किए गए थे। विशेष यह कि अब डिस्चार्ज से ज्यादा संक्रमितों की संख्या सामने आ रही है। 443 नए मरीज मिले तो सिर्फ 224 डिस्चार्ज हुए। मृतकों की संख्या भी बढ़ी है। 12 लोगों की कोरोना से मौत हुई। इसमें 3 ग्रामीण, 5 शहर और 4 जिले के बाहर के मरीज है। ऐसे में एक बार फिर नागपुर में कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ गया है। लोगों से सार्वजनिक जगहों में भीड़ से बचने और अनावश्यक घूमना-फिरना टालने का आह्वान किया गया है।
वर्धा में दो की मौत, 53 संक्रमित
वर्धा जिले में गुरुवार को कोरोना के दो मरीजों की मौत हो गई तथा 53 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। अब तक जिले में कोरोना के 7,174 मरीज पाए गए हैं। इनमें से 229 की मौत हुई है।
भंडारा में मिले 87 मरीज
भंडारा जिले में गुरुवार को कुल 87 नए पॉजिटिव मरीज पाए गए। यहां अब तक कुल 90,803 मरीज जिले में मिले हैं तथा कुल 237 मरीजों की जान जा चुकी है।
चंद्रपुर में 222 संक्रमित
चंद्रपुर जिले में 222 नए पॉजिटिव भी मिले हैं। यहां अब तक 18,173 संक्रमित पाए जा चुके हैं तथा 277 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
गड़चिरोली में 1 मृत, 80 पॉजिटिव
गड़चिरोली जिले में कोरोना से 1 मरीज की मृत्यु हो गई तथा वहीं 80 नए मरीज पाए गए। यहां अब तक 7,129 कोरोना संक्रमित मरीज पाए जा चुके हैं। गड़चिरोली में मृतकों की संख्या 74 पहुंच गई है।
गोंदिया में 125 नए संक्रमित
गोंदिया जिले में कोरोना के 125 नए मरीज पाए गए। अब तक गोंदिया में कुल 11,143 मरीज पाए गए हैं। इनमें से 148 मरीजों की मौत हो चुकी है।
यवतमाल में 74 पॉजिटिव
यवतमाल जिले में गुरुवार को कोरोना के 74 नए मामले सामने आए। यवतमाल में अब तक 10,921 मरीज संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 359 लोगों की मौत हुई है।
अमरावती में 53 संक्रमित
अमरावती जिले में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के 53 नए मामले सामने आए। अब तक जिले में 17,070 संक्रमित मिल चुके हैं। यहां मृतकों की संख्या 372 है
अकोला में 1 की मौत, 38 नए संक्रमित
अकोला जिले में गुरुवार को स्वैब टेस्ट में 30 तथा रैपिड टेस्ट में 8 संक्रमित पाए जाने से एक दिन में 38 मरीज बढ़े, जिससे कुल मरीजों की संख्या 8,887 हो गई है। एक मरीज की मौत के बाद मृतकों की संख्या 287 तक पहुंच गई है। 15 मरीज गुरुवार को डिस्चार्ज किए गए, जिससे कुल डिस्चार्ज लोगों की तादाद 8,188 हो गई है। 404 एक्टिव मरीज इलाज करवा रहे हैं।
बुलढाणा जिले में गुरुवार को सिंदखेड़राजा निवासी 74 वर्षीय वृद्ध की मृत्यु हो गई। 54 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। जिससे कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 10,662 हो गई है। मृतकों का आंकड़ा 132 पर पहुंच गया है। 31 मरीजों को डिस्चार्ज दिए जाने से स्वस्थ हो चुके लोगों की कुल संख्या 10,104 हो गई है। 425 एक्टिव मरीजों का इलाज जारी है।
वाशिम जिले में गुरुवार को 11 पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। जिससे पॉजिटिव मरीजों की संख्या 5645 हो गई है। 10 मरीजों के स्वस्थ हो जाने से घर लौट चुके कुल मरीजों की संख्या 5206 हो गई है। लगातार 19 दिनों से मृतकों का आंकड़ा 137 पर ही स्थिर है। 445 एक्टिव मरीजों का इलाज जारी है।
Created On :   19 Nov 2020 9:41 PM IST