- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- कोरोना पॉजिटिव मरीज प्रार्थना और...
कोरोना पॉजिटिव मरीज प्रार्थना और व्यायाम से कर रहे दिन की शुरूआत

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में कोरोना संक्रमित मरीजों को जरुरी दवाओं और एहतियात के साथ सकारात्मकता का पाठ भी पढ़ाया जा रहा है। उनके दिन की शुरूआत प्रार्थना और व्यायाम से कराई जा रही है। इसके अलावा पूरे समय माहौल को पॉजिटिव बनाने पीडि़तों की हौसला अफजाई की जा रही है। इसका बीड़ा वार्ड की स्टाफ नर्सों ने उठा रखा है। वे सुबह सात बजे मरीजों को प्रार्थना के लिए बुला लेती है। ईश्वर से प्रार्थना के ठीक बाद राष्ट्रीय गीत और फिर व्यायाम की शुरूआत होती है। इसके बाद चाय-नाश्ते के साथ दिन की शुरूआत की जाती है। ऐसी दिनचर्या आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना संक्रमितों की है। जिसके सकारात्मक परिणाम शीलता और जितेन्द्र की कोरोना पर विजय के रूप में सामने भी आ चुके है। खुद शीलता और जितेन्द्र ने भी घर लौटते वक्त वार्ड के सकारात्मक माहौल का जिक्र किया था।
आरएमओ डॉ.सुशील दुबे ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीजों को इलाज के अलावा इंचार्ज सिस्टर दीना सरेठा द्वारा रोजाना सुबह पूरे स्टाफ के साथ मिलकर कोरोना पॉजिटिव मरीजों को व्यायाम कराती है। स्टाफ की एक्टिविटी की वजह से वार्ड में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। अभी वार्ड में मृतक किसनलाल के पिता रमेश इवनाती और दोस्त गोकुल राठौर कोरोना वायरस को मात देने संघर्ष कर रहे है।
मरीजों की डाइट का रख रहे ख्याल-
सीएस डॉ.श्रीमती पी गोगिया ने बताया कि पॉजिटिव मरीजों को लक्षण के आधार पर ड्यूटी डॉक्टर इलाज दे रहे है। अभी वार्ड में भर्ती रमेश और गोकुल स्वस्थ्। है। उन्हें रोजाना पौष्टिक आहार और प्रोटीन पाउडर दिया जा रहा है।
बेटी-दामाद की नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद रमेश को भी उम्मीद जगाई-
शीलता और जितेन्द्र उईके की नेगेटिव रिपोर्ट आने की खबर सुनकर दंपती से ज्यादा उनके कोरोना पॉजिटिव उनके पिता रमेश इवनाती खुश थे। मंगलवार शाम को बेटी और दामाद के आइसोलेशन वार्ड से घर लौटते वक्त रमेश भावुक हो उठे थे। इस दौरान इंचार्ज दीना सिस्टर और अन्य स्टाफ ने उन्हें ढांढस बंधाया। उन्हें आश्वस्त किया कि वे भी जल्द ठीक होकर अपने घर लौटेंगे।
Created On :   30 April 2020 11:01 PM IST