Crime : अपहरण कर युवक का बनाया अश्लील वीडियाे, हैंड बैग से हजारों के आभूषण चोरी

Crime: Kidnapped youth and made porn video, Thousands of jewelery stolen from hand bags
Crime : अपहरण कर युवक का बनाया अश्लील वीडियाे, हैंड बैग से हजारों के आभूषण चोरी
Crime : अपहरण कर युवक का बनाया अश्लील वीडियाे, हैंड बैग से हजारों के आभूषण चोरी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक युवक का उसी की कार से दो युवकों ने अपहरण कर लिया, फिर चाकू दिखाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और वायरल किया है। युवक से 5 हजार रुपए नकदी भी छीन ली गई। प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथी की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार खामला निवासी रोशन महेश कुमार नानवानी (29) अपनी मां के साथ रहता है, उसके पिता नहीं हैं। 17 अगस्त को वह सिविल लाइंस स्थित विज्ञान भवन के सामने से अपनी कार क्र. एमएच 31 एफई 8090 से कहीं जा रहा था। इस दौरान शारिक खान नामक युवक ने अपने एक साथी की मदद से रोशन को रोका। उसके बाद शारिक और उसका साथी रोशन की कार में सवार हो गए और चाकू दिखा कर अपहरण कर लिया। उसे पहले रेशमबाग, फिर ऑटोमोटिव चौक आदि स्थानों पर शहर भर में घुमाते रहे। इस दौरान मोबाइल में उसका अश्लील वीडियो बनाया और परिचित लोगों को वायरल कर दिया, साथ ही 5 हजार रुपए नकद भी छीन लिए। आरोपियों ने रोशन को धमकी दी कि रीना (काल्पनिक नाम) नामक युवती से अगर उसने बात की या मिलने की कोशिश की, तो उसे जान से मार देंगे। उसके बाद रोशन को ऑटोमोटिव चौक पर छोड़ कर फरार हो गए। पता चला है कि रोशन की रीना से मित्रता है। उसी युवती से शारिक की भी मित्रता है। शारिक नहीं चाहता था कि रोशन, रीना से िमले। इस कारण उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद बदनामी के डर से रोशन ने चुप्पी साध ली थी, लेकिन उसका अश्लील वीडियो वायरल होने से शुक्रवार को वह थाने गया और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शनिवार को शारिक को गिरफ्तार किया है

हैंड बैग से हजारों के आभूषण चोरी, घर के सामने हुई घटना

वहीं दूसरे मामले में बच्चे के ऊपर गिरी गाड़ी उठाते समय किसी महिला ने आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटित प्रकरण सक्करदरा थानांतर्गत हुआ है। प्रकरण दर्ज किया गया है। रघुजी नगर निवासी रूपा आरगोडे (39) शनिवार को अपने पति अविनाश और पुत्र श्रेयश के साथ जेठानी के घर नरेंद्र नगर जाने के लिए निकली थी। इस दौरान घर के बाहर खड़ी अविनाश की दोपहिया गाड़ी उसके बेटे श्रेयश पर गिर पड़ी। अविशान और रूपा गाड़ी उठाने लगे। हड़बड़ी में अविनाश ने हैंड बैग घर के सामने रख दी। इस दौरान आस-पड़ोस के लोग जमा हो गए थे। तभी मौका देखकर किसी ने बैग में रखे 86 हजार रुपए के सोने के आभूषण गायब कर दिए। संदेह है कि एक महिला ने घटना को अंजाम दिया है।

विवाहिता का मंगलसूत्र छीना

संत नामदेव नगर में दिनहदाड़े विवाहिता का मंगलसूत्र छीन लिया गया। हुड़केश्वर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी चेन-स्नैचर का कोई पता नहीं चला है। जयताला रोड आनंद नगर निवासी सुनयना अनिरुद्ध अकात (25) गौरी पूजा के लिए शुक्रवार की शाम 4.30 बजे अपने चाचा के घर जा रही थी। इस दौरान संत नामदेव नगर में पीछे से दोपहिया वाहन पर आए चेन-स्नैचर ने झटका मारकर सुनयना के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन कर फरार हो गया। 

पिटाई का बदला लेने हमला

मित्र की पिटाई का बदला देने के लिए करीब 10 युवकों ने आरोपी के घर पर हमला बोल दिया। आरोपी के हाथ नहीं लगने से उसकी मां को जान से मारने का प्रयास किया गया है। दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। शेष की तलाश जारी है। 

गर्दन पर तलवार रख कर ले गए एक हजार रुपए और चिकन

वहीं अंबाझरी क्षेत्र में एक चिकन सेंटर में घुसकर जबरदस्ती 1 हजार रुपए नकदी और 1 किलो चिकन ले जानेवाले बदमाशों के एक गिरोह के 4 आरोपियों को पुलिस ने धर-दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों के नाम रवि गोंहाली  (20), निखिल उर्फ बच्चा विजय खापकर (23), दीपक उर्फ बबल्या गोविंद दशवंते (32) और राजेश उपाध्याय (30)  गांधीनगर नागपुर  निवासी है। पुलिस के अनुसार हरपुरनगर बड़ा ताजबाग निवासी शेख आसिफ शेख यूसूफ (18) गोकुलपेठ में अब्दुल रहीम की ताज चिकन हाउस में काम करता है। गत 19 अगस्त को वह चिकन की दुकान में दोपहर करीब 12 बजे बैठा था। तभी रवि, निखिल, दीपक और राजेश वहां पर पहुंचे। आरोपियों ने शेख आसिफ के गर्दन पर तलवार रखकर जान से मारने की धमकी दी और दुकान से 1 हजार रुपए नकदी  व 1 किलो चिकन लेकर चले गए। आरोपियों ने जाते-जाते धमकी दी कि अगर इस मामले की शिकायत पुलिस में की तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। उसके बाद शेख आसिफ ने अंबाझरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हफ्ता वसूली का प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्हें न्यायालय में शनिवार को पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। इन आरोपियों को नशे का भी शौक है। इन पर पहले के भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस इनका आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।

पति पर शक होने से गटका जहर

पति के अवैध संबंध होने की शक में एक महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर जान दे दी। पति समेत परिवार के 4 सदस्यों के खिलाफ हुड़केश्वर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। हुड़केश्वर रोड पिपला स्थित महाजन ले-आउट निवासी अश्विनी (25) और प्रवीण घुग्गुसकर (32) की वर्ष 2016 में शादी हुई। प्रवीण निजी काम करता है, जबकि अश्विनी गृहिणी थी। कुछ दिनों पहले अश्विनी ने पति को किसी लड़की से मोबाइल पर आपत्तिजनक रूप से बात करते हुए देखा था। उनकी वाॅइस रिकार्डिंग भी अश्विनी के पास थी। इसके लिए अश्विनी ने प्रवीण को खूब खरी-खोटी सुनाई। बाद में उसने यह बात अपने ससुर लक्ष्मण घुग्गुसकर (65), सास लीलाबाई घुग्गुसकर (60) और ननद अश्विनी कालबांडे (36) को बताई। उक्त कृत्य के लिए प्रवीण को फटकार लगाने के बजाय परिवार के सभी लोगों ने उसी का साथ दिया और अश्विनी का मजाक बनाया। इससे परेशान अश्विनी ने 20 अगस्त की सुबह जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान अश्विनी की मौत के लिए उक्त लोगों के जिम्मेदार होने का खुलासा होने से उनके खिलाफ शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया है।

सीसीटीवी कैमरा चुराया और सड़क पर बैठ बेचने लगा

पांचपावली उड़ानपुल के नीचे चोरी का सीसीटीवी कैमरा बेचते पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा है। उसने यह कैमरा एक दुकान से चुराया था। पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को तहसील थाने के डीबी स्क्वॉड के हवलदार प्रमोद शनिवारे को जानकारी मिली कि एक लड़का सस्ते दाम में पांचपावली उड़ानपुल के नीचे सीसीटीवी कैमरा बेच रहा है। पुलिस ने मौके से लड़के को हिरासत में लिया। सीसीटीवी कैमरे का बिल व अन्य दस्तावेज मांगे। परंतु वह कुछ नहीं दे पाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि यह सीसीटीवी कैमरा उसने  सपाटे मोहल्ला  स्थित रितेश वेस्ट पेपर सप्लायर की दुकान से चुराया है। पुलिस ने उससे कैमरा जब्त कर उसके खिलाफ तहसील थाने में मामला दर्ज किया है। 

महिला साहूकार गिरफ्तार

महिला साहूकार को अपराध शाखा के दस्ते ने गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया है। आरोप है कि उसने 2 लाख रुपए के बदले में पीड़िता से लाखों रुपए वसूले हैं। खामला निवासी पीड़िता शबनम हाफिज शेख (23) है। 1 नवंबर 2019 को पीड़िता ने सुभाष नगर निवासी साहूकार आरोपी प्रीति रायपुरे से दो लाख रुपए मां की इलाज के लिए 10 प्रतिशत ब्याज पर लिए थे। ब्याज सहित 22 अगस्त 2020 तक पीड़िता प्रीति को 7 लाख रुपए दे चुकी है। इसके बाद भी प्रीति पीड़िता से 2 लाख रुपए की मांग कर रही थी। प्रीति 9 लाख रुपए वसूलने की तैयारी में थी। इसके लिए पीड़िता को उसके घर जाकर धमकाया जा रहा था। रोज-रोज की धमकियों से त्रस्त होकर पीड़िता ने अपराध शाखा में इसकी शिकायत की। प्रताप नगर थाने की पुलिस ने प्रीति को गिरफ्तार किया है। प्रीति के पास साहूकारी का लाइसेंस है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। 


 

Created On :   23 Aug 2020 12:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story