- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- दिसंबर के अंत तक मेट्रो के बर्डी...
दिसंबर के अंत तक मेट्रो के बर्डी इंटरचेंज स्टेशन पर लगेगा ‘मुकुट’, हिंगना टू बर्डी को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर के बीच बन रहे मेट्रो के बर्डी इंटरचेंज स्टेशन को दिसंबर के अंत तक मुकुट पहना दिया जाएगा। 10वीं मंजिल पर लगाया जाने वाला यह मुकुट एक किमी दूर से भी देखा जा सकेगा। इसके आजू-बाजू में विविंग गैलरी का भी निर्माण किया जाएगा, जो आठवीं मंजिल पर होगी।यहां से लोग शहर का नजारा देख सकेंगे। स्टील व पॉली कॉर्बोनेट धातु की मदद से बनने वाला यह आकर्षक मुकुट नीले व आसामानी रंग का होगा। अच्छी बात यह है कि, इसे नागपुर में ही कारीगरों की मदद से बनाया जाएगा। शहर की लोकल परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुछ वर्षों से मेट्रो रेल चलाने की जद्दोजहद चल रही है। वर्ष 2019 के शुरूआत में ही खापरी से बर्डी तक मेट्रो शुरू कर लोगों को मेट्रो की सुविधा दी गई है। जल्द बर्डी से हिंगना के लिए भी मेट्रो शुरू की जाने वाली है। धीरे-धीरे शहर की चारों दिशाओं में मेट्रो रेल शुरू की जाने वाली है। इसके अलावा मेट्रो शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए भी प्रयास कर रहा है। बर्डी में मेट्रो का मुख्य स्टेशन बन रहा है। जहां चारों दिशाओं की गाड़ियों का एंड रहेगा। वर्तमान में इस मुकुट का डिजाइन लगभग तैयार हो गया है। जल्द ही इसे बनाने का काम शुरू हो जाएगा। अधिकारियों के अनुसार चार महीने के भीतर यह बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा। साल के अंत: में इसे स्टेशन को पहनाया जाएगा। यह मुकुट जितना दिखने में आकर्षक होगा, उतना ही तेजी से मेट्रो प्रशासन के लिए अर्निंग भी पैदा करने वाला होगा। यह मुकुट नागपुर को नई पहचान देगा। कुल 4.5 करोड़ की लागत से यह मुकुट बनेगा। इसकी कुल ऊंचाई 9 मीटर होगी। 5.3 मीटर के लोहे की रिंग के ऊपर यह मुकुट होगा। रिंग का बेस जमीन से 35 मीटर की ऊंचाई पर होगा। मुकुट का उच्चतम हिस्सा जमीन से 47 मीटर ऊपर होगा। क्राऊन का डायमीटर 18 मीटर होगा। मुकुट का कुल वजन ६० टन होगा। रिंग का कुल वजन 20 टन होगा। दोनों का कुल वजन 80 टन होगा। सीताबर्डी इंटरचेज स्टेशन का काम एफकोन्स कंपनी को दिया गया है।
हिंगना टू बर्डी...हरी झंडी दिखाएंगे पीएम
मेट्रो के रीच-3 यानी हिंगना से बर्डी मेट्रो का काम लगभग पूरा होने की स्थिति में आ गया है। सितंबर के शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी इस मार्ग के मेट्रो को हरी झंडी दिखा सकते हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक ऐसी कोई अधिकृत जानकारी नहीं है। वर्तमान में बर्डी से खापरी तक मेट्रो चलाई जा रही है। लोकमान्य नगर से बर्डी तक मेट्रो सेवा अभी शुरू होने को है, हालांकि इसका काम भी लगभग पूरा हो चुका है। गत कुछ महीने पहले ही लोकमान्य नगर से सुभाष नगर तक 5 किमी का काम पूरा कर सीआरएस की अनुमति मेट्रो ने प्राप्त कर ली थी। यहां सफल ट्रायल भी किया गया था, लेकिन सुभाष नगर स्टेशन से बर्डी तक का काम बाकी था। अब यहां काम अंतिम चरण में है। कुछ ही दिन में इस लाइन का विद्युतीकरण किया जानेवाला है। इसके बाद सीआरएस की अनुमति ली जाएगी। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो लोकमान्य नगर से बर्डी के लिए भी मेट्रो ट्रेन की शुरुआत की जाएगी। खापरी से बर्डी मार्ग के मेट्रो ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हरी झंडी दिखाई गई थी। तब अगली बार नागपुर आने को लेकर काफी सकारात्मक नजर आए थे। ऐसे में अगस्त के अंत तक पूरा होनेवाले उपरोक्त मार्ग पर मेट्रो को हरी झंडी दिखाने के लिए उनका आना लगभग तय माना जा रहा है।
इन स्टेशनों का मिलेगा लाभ
शहरवासियों को लोकमान्य नगर, बंसी नगर, वासुदेव नगर, सुभाष नगर, धरमपेठ कॉलेज, एलईडी कॉलेज, शंकरनगर चौक, झांसी रानी चौक स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन से आने-जाने की सुविधा मिल सकेगी।
Created On :   11 Aug 2019 6:47 PM IST