दाऊद का करीबी तारिक परवीन जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार

Dawoods close Tariq Parveen arrested in extortion case
दाऊद का करीबी तारिक परवीन जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार
दाऊद का करीबी तारिक परवीन जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम के खास तारिक परवीन को मुंबई पुलिस की जबरन वसूली विरोधी दस्ते (एईसी) ने गिरफ्तार किया है। जबरन वसूली के जिस मामले में परवीन को गिरफ्तार किया गया है उसमें माफिया सरगना एजाज लकड़ावाला और उसके सहयोगी सलीम महाराज को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) संतोष रस्तोगी ने परवीन की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मामले में एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में परवीन, लकड़ावाला और सलीम के खिलाफ रविवार को एफआईआर दर्ज की गई। जिसके बाद पुलिस ने परवीन को दक्षिण मुंबई के डोंगरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। एक व्यापारी की शिकायत पर तीनों के खिलाफ जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध विरोधी कानून मकोका के तहत भी मामला दर्ज किया है।

माना जाता है कि मुंबई में दाऊद गिरोह का कारोबार परवीन ही संभालता है। इसलिए उससे पूछताछ में पुलिस को डी कंपनी से जुड़ी अहम जानकारियां भी मिल सकतीं हैं। परवीन को अप्रैल 2018 में ठाणे पुलिस ने हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया था लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई थी। वहीं जबरन वसूली के दो दर्जन से ज्यादा मामलों में फरार लकड़ावाला को मुंबई पुलिस ने इसी साल आठ जनवरी को बिहार के पटना से गिरफ्तार किया था। लकड़ावाला के खिलाफ भायखला इलाके के एक बिल्डर ने जबरन वसूली का मामला दर्ज कराया था। लकड़वाला से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि सलीम विदेश में बैठकर वसूली के लिए कारोबारियों को धमकाने वाले उसकी मदद करता था। 

 

Created On :   9 Feb 2020 1:33 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story