स्वाइन फ्लू का कहर: एक सप्ताह में 13 लोगों की मौत

Division records 13 deaths by swine flu in last 7 days
स्वाइन फ्लू का कहर: एक सप्ताह में 13 लोगों की मौत
स्वाइन फ्लू का कहर: एक सप्ताह में 13 लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में स्वाइन फ्लू के मरीज दिनों-दिन बढ़ते ही जा रहे हैं। नागपुर विभाग के आंकड़ों ने सभी को चौका कर रख दिया है। अक्टूबर महीने की बात की जाए तो पहले 7 दिनों में 13 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 64 मरीज स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए गए। शनिवार को 4 मरीजों की मौत होने के बाद इस साल स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 94 हो गई है। वहीं, 13 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद यह संख्या 495 पर पहुंच गई है। 

नागपुर में 30 मौत
स्वाइन फ्लू वायरस के कारण अब तक शहर के 30 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। नागपुर विभाग सहित अन्य प्रदेशों के मरीज नागपुर में उपचार के लिए आते हैं, जिस वजह से यहां मृतकों की संख्या ज्यादा है। नागपुर विभाग में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 495 है, जबकि नागपुर शहर में यह संख्या 256 है, जो कुल मरीजों की आधी है। शनिवार को स्वाइन फ्लू से मरने वाले चारों मरीजों की मृत्यु शहर के निजी अस्पतालों में हुई। इसमें तीन मरीज अन्य राज्य के थे, जबकि एक मरीज चंद्रपुर का रहने वाला था।

डेंगू से मौत
वहीं,वाड़ी नगर परिषद क्षेत्र के धम्मकीर्ति नगर में एक महिला की डेंगू से मौत हो गई। मृतक शुभांगी विष्णुपंथ वाघमारे (36) है। परिजनों ने बताया कि 4 दिन पहले बुखार आने पर शुभांगी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में डेंगू होने की पुष्टि हुई। उपचार के दौरान शुभांगी की मृत्यु हो गई।  

बुखार की शिकायतें
जिला स्वास्थ्य विभाग डेंगू की शिकायतों को लेकर गंभीर है। घर-घर जांच की जा रही है। शुक्रवार को वाडी में 2047 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें 93 लोग डेंगू प्रभावित पाए गए। मंगलधाम सोसाइटी में 105 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें से 28 लोगों को बुखार की शिकायतें हैं। वेना नगर 103 घरों की जांच में 3 मरीज, धम्मकीर्ति नगर 231 घरों में 14, शिवशक्ति नगर में 338 घरों में 10 मरीज, आंबेडकर नगर में 478 घरों में  9 मरीज, हरिओम सोसाइटी के 254 घरों में 15 मरीज तथा सुरक्षा नगर के 538 घरों में 10 मरीज पाए है। 

2047 घरों में किया सर्वे
432 घरों में डेंगू के मच्छर मिले
93 मरीज डेंगू से प्रभावित
114 घरों में बुखार के मरीज 
131 घरों में डेंगू के लार्वा को नष्ट किया

Created On :   9 Oct 2017 12:46 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story