- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अचानक भर्ती प्रक्रिया रद्द होने से...
अचानक भर्ती प्रक्रिया रद्द होने से कैंडिडेट्स ने किया हंगामा

डिजिटल डेस्क, नागपुर । अचानक पूर्व किसी सूचना के भर्ती प्रक्रिया रद्द किए जाने कैंडिडेट्स ने हंगामा खड़ा कर दिया। 115 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) एमएएचएआर द्वारा नागपुर के सीताबर्डी किले के 118 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) ग्रेनेडियर्स में 26 से 30 मार्च तक भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी, लेकिन रविवार को अचानक यह प्रक्रिया रद्द कर दी गई। पूर्व सूचना दिए बगैर प्रक्रिया रद्द करने से अभ्यर्थी भड़क गए। दोपहर को सीताबर्डी स्थित 118 इन्फैंट्री बटालियन के केंद्र के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई। किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में दाखिल होने की अनुमति नहीं मिली। लिहाजा बाहर सड़क पर ही वे प्रदर्शन करने लगे। दोपहर 2 बजे के करीब स्थिति शांत हुई।
आर्मी में भर्ती के लिए किया था आमंंत्रित
दरअसल, टेरिटोरियल आर्मी में भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था। इसमें सैनिक जीडी की 28 पद, शेफ का एक पद और टेड्रमेन के पदों पर नियुक्ति होने वाली थी। विविध पात्रताओं की पूर्ति करने वाले अभ्यर्थियों को यहां पहुंचने के लिए कहा गया था। इसी के चलते विदर्भ के अलावा महाराष्ट्र के अन्य क्षेत्रों व गुजरात, कोलकात्ता जैसे इलाकों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रविवार को नागपुर पहुंचे थे। मगर जब वे केंद्र पर पहुंचे तो जानकारी दी गई कि सोमवार से शुरू होने वाली भर्ती प्रक्रिया रद्द हो गई है। उन्हें वापस लौटना हाेगा।
दूर-दूर से आए थे कैंडिडेट्स
गुजरात से आए गोल्डी सिंह के अनुसार, अभ्यर्थियों को प्रक्रिया रद्द हो जाने की सूचना समय रहते दे देनी चाहिए थी। ऐसा होता तो उन्हें अहमदाबाद से नागपुर तक पहुंचने के बाद ‘बैरंग’ वापस नहीं लौटना पड़ता।
कोलकात्ता से पहुंचे विकास जाधव ने बताया कि पिछले एक वर्ष से इस भर्ती की तैयारी कर रहा था, ऐसा लग रहा है कि मेरा सारा समय बर्बाद हो गया। इस मुद्दे पर देर शाम तक बटालियन की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं आया।
Created On :   26 March 2018 11:46 AM IST