राजनगर, बड़ामलहरा और बकस्वाहा में भाजपा के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुने गए

Elected President-Vice President of BJP in Rajnagar, Baramalhara and Bakswaha
राजनगर, बड़ामलहरा और बकस्वाहा में भाजपा के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुने गए
छतरपुर राजनगर, बड़ामलहरा और बकस्वाहा में भाजपा के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुने गए

डिजिटल डेस्क, छतरपुर। जिले की 4 जनपदों में बुधवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव हो गए। छतरपुर में कांग्रेस और राजनगर में भाजपा के जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए, वहीं बकस्वाहा और बड़ामलहरा में भाजपा के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष मतदान के बाद चुने गए हैं। हालांकि छतरपुर को छोड़कर अन्य स्थानों पर कांग्रेस मुकाबले में ही नजर नहीं आई। वहीं छतरपुर में भाजपा मुकाबले से पूरी तरह बाहर रही। जिले की 8 जनपदों में से अब तक तीन में ही भाजपा ने अध्यक्ष का प्रत्याशी घोषित किया है। इसमें से एक राजनगर में उसे सफलता मिल गई। बाकी दोनों स्थानों पर गुरुवार को चुनाव होंगे।
निर्विरोध अध्यक्ष बनीं ममता, वैसे निर्दलीय बताया, लेकिन गले में कांग्रेस की पट्‌टी डालकर निकलीं
छतरपुर में कांग्रेस विधायक आलोक चतुर्वेदी समर्थित ममता चंद्रशेखर तिवारी निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं, वहीं उपाध्यक्ष के पद पर ऊषा यादव का चुनाव निर्विरोध हुआ है। यहां अध्यक्ष बनीं ममता तिवारी के पति चंद्रशेखर तिवारी ने चुनाव से पहले स्वयं को निर्दलीय बताया था। वे कांग्रेस और भाजपा दोनों से समर्थन मिलने की बात कर रहे थे, लेकिन बुधवार को चुनाव के बाद ममता जहां कांग्रेस के रंग में रंगी नजर आईं, वहीं भाजपा का उनका भाजपा समर्थित होने का दावा गलत निकला। गौरतलब है कि भाजपा जिला संगठन की मंगलवार को हुई बैठक में यह दावा किया गया था कि ममता तिवारी अध्यक्ष बनने के बाद न सिर्फ पार्टी की सदस्यता लेंगी, बल्कि वे भाजपा कार्यालय भी पहुंच जाएंगी। लेकिन बुधवार को ऐसा कुछ नहीं हुआ। कांग्रेस विधायक आलोक चतुर्वेदी और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में ममता तिवारी की जीत की खुशी में रैली निकाली गई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता नदारद थे। ममता चंद्रशेखर तिवारी के गले में कांग्रेस की पटि्टका मौजूद थी। जिससे वे साफ इशारा कर रही थीं, कि वे कांग्रेस से ही हैं। उधर भाजपा के कई पदाधिकारी उनके भाजपा मंे शामिल होने का दावा अंदरखाने करते रहे, लेकिन यह बात गलत निकली। इस बीच भाजपा के जनपद सदस्य का चुनाव जीते मंडल महामंत्री गणेश सिंह परमार ने मंगलवार को यह आरोप लगाकर सनसनी फैला दी कि भाजपा की प्रदेश ललिता यादव एवं जिला अध्यक्ष मलखान सिंह ने लेन-देन कर भाजपा समर्थित सदस्यों को कांग्रेस प्रत्याशी ममता तिवारी को सौंप दिया। इसके बाद जनपद सदस्य परमार को भाजपा से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। हालांकि बुधवार को जनपद सदस्य गणेश परमार ने अध्यक्ष चुनाव के लिए कोई फाॅर्म नहीं भरा। इससे ममता तिवारी निर्विरोध जीत गई। चुनाव जीतने के बाद ममता के पति चंद्रशेखर तिवारी के दोनों नंबर बंद हो गए। जिसे लेकर कई प्रकार के कयास लगाए जाते रहे। ममता को 21 जनपद सदस्यों का समर्थन मिला है, वहीं 4 अन्य सदस्य अनुपस्थित रहे। विधायक आलोक चतुर्वेदी ने कहा कि ममता चन्द्रशेखर तिवारी को कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा था। पूरी रणनीति के तहत हम निर्विरोध अध्यक्ष बनाने में कामयाब हुए हैं। उधर भाजपा ने नौगांव में हेमलता राकेश पाठक, गौरिहार में सानू प्रजापति को अध्यक्ष प्रत्याशी बनाया है। नौगांव में उनका मुकाबला भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी अवनींद्र पटैरिया से संभव है।  
राजनगर, बड़ामलहरा और बकस्वाहा में भाजपा के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुने गए
राजनगर जनपद में भाजपा की प्रेमबाई कुशवाहा निर्विरोध अध्यक्ष और पार्टी के बमीठा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र अवस्थी उपाध्यक्ष चुने गए हैं। गौरतलब है कि जनपद के 23 सदस्यों ने चुनाव से काफी पहले ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वीडी शर्मा के साथ मुलाकात कर एकजुटता प्रदर्शित कर दी थी। भाजपा के जिला महामंत्री अरविंद पटैरिया ने इसके लिए मजबूत घेराबंदी कर रखी थी। यहां से कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नातीराजा ने खास सक्रियता नहीं दिखाई। फलस्वरूप निर्विरोध चुनाव हो गया।
बकस्वाहा में रेखा यादव समर्थित रजनी यादव अध्यक्ष
जिले की सबसे छोटी जनपद बकस्वाहा में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बनाने को लेकर रोचक मुकाबला था। यहां कांग्रेस मैदान में नहीं थी, लेकिन भाजपा के ही दो गुट अलग-अलग गुट थे। पूर्व विधायक रेखा यादव जहां सबसे ज्यादा सदस्य संख्या रखने वालीं रजनी मोतीलाल यादव के साथ खड़ीं थीं तो स्थानीय विधायक प्रद्युम्र सिंह जनपद सदस्य चमेली हृदय लोधी को अध्यक्ष बनवाना चाह रहे थे। बुधवार को 13 जनपद वाली बकस्वाहा में 7 सदस्यों ने रजनी मोतीलाल यादव के पक्ष में मतदान कर उन्हें अध्यक्ष बना दिया, जबकि चमेली हृदय लोधी को 6 वोट मिले। यहां नरेन्द्र सिंह बुन्देला को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया। परिणाम के बाद रेखा यादव एवं पूर्व मंत्री ललिता यादव ने रजनी यादव के विजय जुलूस में हिस्सा लेकर इसे पार्टी की जीत बताया।
बड़ामलहरा में राघव राजा अध्यक्ष बने, अनीता राय हारीं
बड़ामलहरा जनपद में भाजपा के ही दो धड़ों में संघर्ष की स्थिति रही। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष राघव राजा परमार को अध्यक्ष बनाने के लिए स्थानीय भाजपा नेता लंबे समय से प्रयास कर रहे थे जबकि एक धड़ा अनीता रमेश राय को भी अध्यक्ष बनाने की कोशिश में था। हालांकि लगभग 10 दिन पहले ही राघव राजा परमार के साथ तकरीबन 20 जनपद सदस्यों ने अपनी सहमति जाहिर करते हुए अबार माता मंदिर में कसम खाई थी और तभी से सभी सदस्य लापता थे। वोटिंग के ठीक एक दिन पहले ये सदस्य बड़ामलहरा पहुंचे। सुबह 10 बजे सभी सदस्यों ने मतदान स्थल पहुंचकर वोट डाले। नतीजे के मुताबिक 25 सदस्यों में से 17 सदस्यों ने राघव राजा परमार के पक्ष में मतदान किया जबकि 6 सदस्यों ने अनीता रमेश राय के पक्ष में वोट डाले। 2 सदस्यों के वोट निरस्त कर दिए गए। नतीजों के बाद बड़ामलहरा में राघव राजा परमार के साथ विधायक प्रद्युम्र सिंह, आनंद सिंह, नितिन चौधरी एवं अन्य भाजपा नेताओं ने जमकर जश्न मनाया। यहां उपाध्यक्ष के पद पर छन्नूलाल अहिरवार को निर्विरोध चुना गया

Created On :   28 July 2022 12:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story