Pune City News: मनपा के दो कर्मियों को हार्ट अटैक, एक की मौत

मनपा के दो कर्मियों को हार्ट अटैक, एक की मौत
महापालिका की एंबुलेंस में ही नहीं था डॉक्टर

भास्कर न्यूज, पुणे। महापालिका के मुख्य भवन में गुरुवार को दिनभर में दो कर्मचारियों को दिल का दौरा पड़ा। उस समय मनपा में एंबुलेंस तो मौजूद थी, लेकिन एंबुलेंस में डॉक्टर ही नहीं था। एक कर्मचारी को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन, कुछ घंटों बाद उसकी मृत्यु हो गई। वहीं, एक महिला कर्मचारी को दोपहर में दिल का दौरा पड़ा। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।

मनपा में गुरुवार सुबह 11.30 बजे सड़क विभाग में काम करने वाले सिपाही अशोक दशरथ वालके (58) को दिल का दौरा पड़ा। निगम के डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चार घंटे बाद वालके का निधन हो गया। गुरुवार दोपहर 3.30 बजे के आसपास मनपा अकाउंट विभाग की महिला कर्मचारी छाया सूर्यवंशी को भी दिल का दौरा पड़ा। उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर है।

पुणे मनपा के मुख्य भवन में मौजूद विभिन्न विभागों में हजारों अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहते हैं। रोजाना हजारों की संख्या में नागरिक भी मनपा भवन आते हैं। इसलिए मनपा के मुख्य भवन में स्थायी रूप से एंबुलेंस तैनात रहें और मनपा के कार्यालयीन समय में कम से कम एक डॉक्टर उपलब्ध हो, इसकी मांग लगातार की जाती रही है। मुख्य भवन में एंबुलेंस तो खड़ी रहती है, लेकिन उसमें डॉक्टर नहीं होते हैं। कर्मचारी इन कमियों को दूर करने की मांग कर रहे हैं।

Created On :   5 Dec 2025 3:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story