Pune City News: कर्नाटक में महिला की हत्या कर पुणे आए आरोपी को पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में पकड़ा

कर्नाटक में महिला की हत्या कर पुणे आए आरोपी को पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में पकड़ा
  • सहयात्री के मोबाइल से फोन करना पड़ा भारी
  • कर्नाटक और पुणे पुलिस के संयुक्त अभियान को ट्रेवल्स एजेंसी का मिला सहयोग

गुणवंती परस्ते, पुणे। कर्नाटक के तुमकुरू जिले में महिला की हत्या कर फरार हुए आरोपी मधु एच. ए. को कर्नाटक व पुणे पुलिस के सांमजस्य से पकड़ने में सफलता मिली है। इसमें शर्मा ट्रेवल्स का भी सहयोग मिला जिसके ड्राइवर ने आरोपी पर नजर रखते हुए पुलिस को समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई। आरोपी ने खुद का फोन तो घर पर ही छोड़ दिया था ताकि पुलिस उसे ट्रेक न कर सके लेकिन वह सहयात्री के फोन से पिता को कॉल करके फंस गया। जब उसने अपने पिता से बात की तब पुलिस ने उसके पिता को पूछताछ के लिए पकड़ रखा था। आरोपी को यह नहीं बताया गया कि उसे ट्रेक कर लिया गया है। सहयात्री के फोन की लोकेशन लेकर ड्राइवर से संपर्क करने के साथ कर्नाटक पुलिस ने पुणे पुलिस से मदद मांगी। बुधवार सुबह 10 बजे बस जब कात्रज पहुंची तो पुणे पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।

बंगलुरु से शर्मा ट्रेवल्स की बस से पुणे आ रहे आरोपी को पकड़ने के लिए कर्नाटक पुलिस ने एसपी अशोक के.वी. के माध्यम से पुणे पुलिस के डीसीपी निखिल पिंगले से मदद मांगी थी। जानकारी मिलते ही डीसीपी पिंगले ने अपनी टीम को अलर्ट कर दिया और ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल रवीद्र बोराडे को बस रोकने की जिम्मेदारी दी। बोराडे ने कात्रज चौक पर बस को रोका और सीट नंबर 5 पर बैठे आरोपी को पहचानकर हिरासत में ले लिया। मामले की शुरुआत 30 नवंबर की रात हुई जब आरोपी ने मंजुला नामक महिला का गला घोटने के बाद उसके पेट पर चाकू से वार कर हत्या कर दी गई थी। 1 दिसंबर को मामला दर्ज हुआ। हत्या के बाद आरोपी मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया था, जिससे उसे ट्रैक करना मुश्किल था। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने दो बार अपने पिता को एक अन्य नंबर से कॉल किया है। बाद में स्पष्ट हुआ कि उसने यह कॉल उसी बस में सफर कर रहे एक यात्री के फोन से किया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस को बस नंबर, कंपनी और रूट की जानकारी मिली। कर्नाटक पुलिस ने तुरंत ट्रेवल्स ऑफिस से संपर्क कर बस की लोकेशन पता की और ड्राइवर को हिदायत दी कि आरोपी को भनक नहीं लगनी चाहिए।

पुणे में बस आते ही ट्रैफिक कांस्टेबल रवींद्र बोराडे कात्रज चौक पर तैनात हुए। सुबह करीब 10 बजे बस पहुंचीं और बोराडे ने उसे रोक लिया। कर्नाटक पुलिस द्वारा भेजी गई एफआईआर कॉपी के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे हिरासत में लेकर तुरंत भारती विद्यापीठ पुलिस को सौंप दिया गया। बाद में कर्नाटक पुलिस की टीम पुणे पहुंची और आरोपी को शिवाजीनगर सत्र न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर अपने राज्य ले गई। इंस्पेक्टर राघवेंद्र ने बताया कि आरोपी को कर्नाटक में अदालत के सामने पेश किया जाएगा।

एक लाख रु. के विवाद में की हत्या

जांच में सामने आया कि आरोपी और मंजुला के बीच आर्थिक विवाद था। महिला ने आरोपी को एक लाख रुपए दिए थे, जिसे वह वापस नहीं कर रहा था। इसी बहस में विवाद बढ़ा और आरोपी ने चाकू से हमला कर महिला की हत्या कर दी। कर्नाटक पुलिस ने शिवाजीनगर सेशन कोर्ट से आरोपी मधु एच.ए. का ट्रांजिट रिमांड लिया। पुलिस इंस्पेक्टर रघवेंद्र ने दैनिक भास्कर को बताया कि आरोपी का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद कर्नाटक के कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Created On :   5 Dec 2025 3:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story