- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- पुणे जाने वाली इंडिगो फ्लाइट...
Pune City News: पुणे जाने वाली इंडिगो फ्लाइट बार-बार रद्द, इंदौर में यात्री फंसे

- पायलट की कमी बताई वजह
- यात्रियों ने कंपनी पर जताई नाराजगी
भास्कर न्यूज, पुणे। इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानें इंदौर से लगातार तीसरे दिन भी प्रभावित रहीं। बुधवार को जयपुर, दिल्ली, मुंबई, गोवा, चेन्नई और कोलकाता सहित कई रूटों की फ्लाइटें रद्द होने के बाद गुरुवार को भी इंदौर से उड़ने वाली उड़ानें कैंसल कर दी गईं। शुक्रवार सुबह पुणे जाने वाली उड़ान भी रद्द होने से यात्रियों में जबरदस्त नाराजगी देखी गई।
गुरुवार को एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को कंपनी की ओर से केवल रिफंड या रिबुकिंग का विकल्प दिया गया। कई यात्रियों का कहना है कि यात्रा टलने से उनका कार्यक्रम बुरी तरह प्रभावित हो गया। लगातार दो दिनों से उड़ानें रद्द होने पर लोगों ने इंडिगो की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
पैसेंजर बोले– तीन दिन से भटक रहे, रहने की भी सुविधा नहीं दी गई
इंदौर में फंसे यात्री आशिष डोंगरे ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा, हम लोग बुधवार से एयरपोर्ट और होटल के बीच भटक रहे हैं। पहले बुधवार की फ्लाइट रद्द हुई, फिर गुरुवार की। हमें बताया गया था कि शुक्रवार सुबह पुणे की फ्लाइट है, इसलिए हमने उसकी बुकिंग भी कर ली। लेकिन आज सुबह 9 बजे से एयरपोर्ट पर बैठने के बाद बताया गया कि पुणे की फ्लाइट भी कैंसल हो गई है। अब कहा जा रहा है कि टिकट कैंसल कर दीजिए, रिफंड 15 दिन में मिलेगा। इंडिगो ने रहने का कोई इंतजाम भी नहीं किया। तीन दिनों में हमारा भारी खर्च हो गया। आशिष ने बताया कि वे 25 साल से पुणे में रहते हैं और एक शादी में शामिल होने इंदौर आए थे, लेकिन अब वापसी मुश्किल हो गई है।
मुंबई के यात्री भी परेशान, कहा– 15–20 मिनट पहले मैसेज भेजकर बुलाते, फिर फ्लाइट रद्द बताते
मुंबई के हर्षवर्धन स्वामी दो दिन से इंदौर में रुके हैं। उन्होंने बताया, गुरुवार को हमारी मुंबई की फ्लाइट भी 15–20 मिनट पहले आए संदेश के बाद रद्द कर दी गई। हमें कहा गया कि शुक्रवार की पुणे फ्लाइट से जा सकते हैं। लेकिन आज यहां आने के बाद बताया गया कि वह भी रद्द हो गई है। वजह पूछने पर पायलट की कमी बताई जा रही है। पुणे जाने वाले करीब 70 यात्री यहां फंसे हुए हैं। स्वामी का कहना है कि इंडिगो की ओर से यात्रियों को न रहने की सुविधा दी गई और न ही कोई स्पष्ट जानकारी। यह बहुत खराब अनुभव रहा ऐसा उन्होंने कहा।
पायलट की कमी बनी मुख्य वजह
कंपनी की ओर से उड़ानें रद्द होने का कारण पायलट की कमी बताया जा रहा है। हालांकि यात्रियों का कहना है कि यह जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई, जिससे यात्रा की योजना बिगड़ गई। उड़ानें कब सामान्य होंगी, इस पर एयरलाइन ने अब तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है।
Created On :   5 Dec 2025 2:56 PM IST












