- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- अचानक 38 उड़ानें रद्द होने से घंटों...
Pune City News: अचानक 38 उड़ानें रद्द होने से घंटों एयरपोर्ट पर बैठे रहे यात्री

- बुधवार को आठ विमान सेवाएं रद्द की गई थीं
- जबकि गुरुवार को इन्हीं मार्गों की 12 उड़ानें आधी रात से रद्द कर दी गई हैं
भास्कर न्यूज, पुणे। इंडिगो कंपनी की विमान सेवा में गड़बड़ी के कारण पुणे एयरपोर्ट की व्यवस्थाएं चरमरा गईं। बुधवार को नागपुर, चेन्नई, दिल्ली, अमृतसर, अहमदाबाद, कोलकाता और रांची की 22 विमान सेवाएं रद्द की गई थीं, जबकि गुरुवार को इन्हीं मार्गों की 16 उड़ानें आधी रात से रद्द कर दी गई हैं और समय-सारणी में दर्शाया गया कि कुछ उड़ानों को विलंब से रवाना किया जाएगा।
पुणे एयरपोर्ट पर इस समय अत्यधिक भीड़ है और बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक केवल तीन विमानों ने उड़ान भरी है। बेंगलुरु, चेन्नई, नागपुर, दिल्ली और अन्य मार्गों की उड़ानों को विलंब से छोड़ा जाएगा, ऐसा डैशबोर्ड पर दिखाया जा रहा है, लेकिन कंपनी के प्रतिनिधि मौके पर आकर यात्रियों को कोई राहत नहीं दे रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है।
यात्री अनुराग वैद्य ने कहा कि पुणे हवाई अड्डे पर रात दो बजे से इंडिगो कंपनी की उड़ानें शुरू होने वाली थीं, लेकिन विमानों में देरी हो गई। मैं बेंगलुरु में मंदिरों के अध्ययन के लिए 20 लोगों का दल लेकर जा रहा था। रात ढाई बजे उड़ान का समय था, पर देरी के कारण सुबह पांच बजे का समय दिया गया, लेकिन फ्लाइट नहीं गई। फिर गुरुवार सुबह आठ बजे, उसके बाद 10 बजे और अब कंपनी की ओर से इस उड़ान का समय दोपहर तीन बजे के बाद बताया गया है। यात्री रातभर से एयरपोर्ट पर बैठे हैं और इंतजार करते-करते 12-13 घंटे हो गए हैं।
पुणे एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, पुणे, नागपुर, जलगांव, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता के लिए 101 उड़ानें संचालित होती हैं। पुणे-नागपुर, पुणे-बेंगलुरु, पुणे-दिल्ली, पुणे-कोच्चि उड़ानें रद्द कर दी गईं।
नवीनतम परिचालन स्थिति के अनुसार 8 आगमन और 8 प्रस्थान उड़ानें रद्द की गई हैं, 11 विमान इस समय जमीन पर खड़े हैं और 19 उड़ानें एक घंटे से अधिक देर से पहुंची हैं। बाधा का मुख्य कारण ऑपरेटिंग क्रू की अनुपलब्धता और इंडिगो विमानों की संख्या में बढ़ोतरी है। इस कारण पार्किंग बे लंबे समय तक भरे रहे। यात्रियों को प्रतीक्षालय में चाय, पानी, नाश्ता आदि सेवाएं दी गई हैं। विमान कंपनियों को भी प्रबंधन के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
संतोष ढोके, निदेशक, पुणे एयरपोर्ट
हमारी फ्लाइट गुरुवार सुबह सात बजे थी, लेकिन एयरलाइंस की तरफ से नहीं बताया कि फ्लाइट देर से जाएगा या रद्द हो गई है। लोगों को सुबह ही संदेश मिल जाना चाहिए था कि उड़ान देर से या रद्द हो सकती है। पुणे एयरपोर्ट के दोनों मंजिलें पर लोगों की भीड़ हैं।
सतीश काले, यात्री
Created On :   4 Dec 2025 5:32 PM IST












