- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- शहर के उद्यानों में दिखेगी विभिन्न...
Pune City News: शहर के उद्यानों में दिखेगी विभिन्न राज्यों की संस्कृति

भास्कर न्यूज, पुणे। महापालिका शहर के उद्यान देश के 29 राज्यों की संस्कृति पर आधारित विकसित करने की योजना तैयार कर रहा है। पुणेकरों समेत देशभर से आने वाले पर्यटकों को एक ही स्थान पर विभिन्न राज्यों की संस्कृति का अनुभव देने के लिए यह प्रयोग किया जा रहा है। प्रोजेक्ट में शहर के कई पुराने उद्यानों को भी विकसित किया जाएगा।
मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम ने बताया कि उद्यानों को अनूठी थीम पर विकसित किया जाएगा। महापालिका के 15 क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत 216 पार्क, उद्यान और चिड़ियाघर हैं। सभी का रखरखाव और मरम्मत का कार्य मनपा उद्यान विभाग द्वारा किया जाता है। सभी पार्कों में बड़ी संख्या में नागरिक आते हैं, लेकिन, मनपा के बहुत कम ही उद्यान अलग-अलग थीम पर आधारित विकसित किए हैं। वर्तमान में मनपा का सिंहगढ़ रोड स्थित पु.ल. देशपांडे उद्यान ही अनूठी थीम पर आधारित है। यह उद्यान शहर के सबसे अनोखे और लोकप्रिय उद्यानों में से एक है। उक्त बगीचा पुणे-ओकायामा फ्रेंडशिप गार्डन के नाम से प्रसिद्ध है, जिसे जापान के ओकायामा शहर के कोराकु-एन गार्डन की तर्ज पर बनाया गया है। वहां हमेशा नागरिकों की भीड़ रहती है।
मनपा आयुक्त ने बताया कि शहर का सौंदर्यीकरण और थीम-आधारित उद्यानों को बढ़ाना आवश्यक है। वर्तमान में केवल पु.ल. देशपांडे उद्यान ही अनूठी थीम पर आधारित है और इसी तर्ज पर नए उद्यान विकसित करने का मनपा का इरादा है। इस संबंध में हुई बैठक में शहर के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सार्वजनिक स्थानों और मुख्य चौराहों के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त ओमप्रकाश दिवटे, शहर अभियंता प्रशांत वाघमारे और मुख्य उद्यान अधीक्षक अशोक घोरपड़े उपस्थित थे।
Created On :   5 Dec 2025 1:48 PM IST












