- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- कुष्ठ रोगी खोज अभियान में मिले 11...
Pune City News: कुष्ठ रोगी खोज अभियान में मिले 11 नए मरीज

- 79,177 घरों का सर्वेक्षण
- 3.61 लाख से अधिक नागरिकों की हुई जांच
- जनजागृति और त्वरित उपचार पर विशेष जोर
भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। मनपा चिकित्सा विभाग द्वारा 17 नवंबर से 2 दिसंबर तक शहरभर में चलाया गया कुष्ठ रोगी खोज अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान का उद्देश्य कुष्ठ रोग के संबंध में जनजागृति बढ़ाना, संभावित मरीजों की समय रहते पहचान करना और उन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराना था। सर्वेक्षण के दौरान कुल 11 नागरिकों में कुष्ठ रोग की पुष्टि हुई, उन्हें आगे की चिकित्सा की सलाह और परामर्श दिया गया। वहीं संदिग्ध मरीजों को तुरंत प्राथमिक उपचार देकर आगे की चिकित्सा सलाह दी गई।
212 सदस्यों वाला मेडिकल स्टाफ तैनात
अभियान के लिए कुल 212 सदस्यों की टीम तैनात की गई थी जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टर, सुपरवाइजर, प्रशिक्षित आशा कार्यकर्ता और पुरुष स्वयंसेवक शामिल थे। सहायक स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजलि ढोणे के मार्गदर्शन में दस्तों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों, झोपड़पट्टियों, घनी बस्तियों, आर्थिक रूप से कमजोर इलाकों और संवेदनशील भागों में घर-घर जाकर व्यापक सर्वेक्षण किया। इस दौरान कुल 79177 घरों का दौरा किया गया तथा 3 लाख 61 हजार 854 से अधिक नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। त्वचा पर सफेद या लाल धब्बे, सुन्नपन, झनझनाहट और सूजन जैसे कुष्ठ रोग के संभावित लक्षणों को विशेष रूप से जांचा गया।
जनजागृति और त्वरित उपचार पर विशेष जोर
मनपा की मुहिम के बाद कई नागरिकों ने लक्षण दिखने पर स्वयं आगे आकर जांच करवाई। अभियान के दौरान मरीजों को समुपदेशन, उपचार और नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। चिकित्सा विभाग का कहना है कि ऐसे व्यापक सर्वेक्षण शहर को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। मनपा ने शहरवासियों से अपील की है कि वे कुष्ठरोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और बीमारी को लेकर किसी भी प्रकार का भ्रम या सामाजिक कलंक न पालें। समय पर उपचार से यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है।
कुष्ठ रोग नियंत्रण में लक्षणों की प्रारंभिक पहचान और त्वरित उपचार सबसे महत्वपूर्ण है। महानगर पालिका के स्वास्थ्य दलों ने जिस अनुशासित ढंग से घर-घर जाकर सेवाएं पहुंचाईं, वह सराहनीय है। ऐसे उपक्रम आगे भी और व्यापक रूप से चलाए जाएंगे।
- विजयकुमार खोराटे, अतिरिक्त आयुक्त, पिंपरी चिंचवड़ मनपा
अक्सर कुष्ठ रोग के शुरुआती लक्षण मामूली लगते हैं, मगर समय पर उपचार न मिलने पर बीमारी बढ़ती है। अभियान ने जांच, उपचार और समुपदेशन जैसे मोर्चों पर प्रभावी कदम उठाए हैं।
- डॉ. लक्ष्मण गोफणे, स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी, पिंपरी चिंचवड़ मनपा
Created On :   5 Dec 2025 4:12 PM IST












