Pune News: शिरूर में एक ही दिन पकड़े गए तीन तेंदुए

शिरूर में एक ही दिन पकड़े गए तीन तेंदुए
  • वन विभाग द्वारा अलग-अलग स्थानों पर लगाए पिंजरों में कैद हुए
  • बाइक सवार पर तेंदुए ने मारा झपट्टा

भास्कर न्यूज, शिरूर। शिरूर तहसील में पिछले कुछ दिनों से तेंदुओं ने आतंक मचा रखा था, लेकिन गुरुवार को वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। तहसील वन अधिकारी नीलकंठ गव्हाणे ने जानकारी दी कि गुरुवार को भोर में रांजणगाव एमआईडीसी स्थित फियाट कंपनी के परिसर में लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हो गया, जबकि रावडेवाड़ी और पिंपरखेड़ के पिंजरों में एक-एक तेंदुआ फंसा, इस प्रकार कुल तीन तेंदुओं को पकड़ने में वन विभाग को सफलता मिली है।

बुधवार को रांजणगाव एमआईडीसी की फियाट कंपनी में तेंदुए की मौजूदगी पाए जाने के बाद बड़ी खलबली मच गई थी। कंपनी में तेंदुआ होने की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कंपनी परिसर में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए थे। गुरुवार तड़के वह तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। उसकी उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष बताई जा रही है। इस तेंदुए को माणिकडोह निवारा केंद्र भेज दिया गया है। इसी तरह, रावडेवाड़ी (कवठे येमाई के पास) में भी लगभग 3 से 4 वर्ष की एक मादा तेंदुआ पकड़ी गई है। गव्हाणे ने बताया कि पिंपरखेड़ में भी लगभग 5 वर्ष का एक नर तेंदुआ पकड़ा गया है और इन दोनों तेंदुओं को भी माणिकडोह निवारा केंद्र भेजा जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में शिरूर तहसील के विभिन्न स्थानों से 20 से अधिक तेंदुओं को पकड़ा जा चुका है और एक आदमखोर तेंदुए को मार दिया गया है।

बाइक सवार पर तेंदुए ने मारा झपट्टा

जुन्नर: तहसील के ओतुर क्षेत्र के अमीरघाट रोड पर बुधवार रात करीब 8:30 बजे बाइक सवार पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हालांकि, बाइक सवार ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के किसान तुरंत मौके पर जमा हो गए और शोर सुनकर सड़क पर रुका हुआ तेंदुआ वापस गन्ने के खेत में भाग गया। इस हमले में बाइक सवार सोमनाथ किसन ठिकेकर (52), ओतुर (अमीरघाट), घायल हो गए क्योंकि तेंदुए ने उनके पैर को नोंच लिया था। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत ओतुर वन विभाग को घटना की सूचना दी। वनपाल विश्वनाथ बेले और सारिका बुट्टे अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल सोमनाथ को ओतुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए नारायणगाँव के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया।

Created On :   5 Dec 2025 4:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story