- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- नकली गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री...
Pune City News: नकली गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री भंडाफोड़

भास्कर न्यूज, लोनी कालभोर। हवेली तहसील के लोनी कालभोर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में नकली गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री पर एंटी-नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से करीब एक करोड़ रुपए का माल जब्त किया है, जिसकी कीमत और बढ़ने की संभावना है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
एंटी-नारकोटिक्स सेल के पुलिस निरीक्षक सुदर्शन गायकवाड़, सहायक पुलिस निरीक्षक नितिनकुमार नाईक, पुलिस उपनिरीक्षक अस्मिता लाड और उनकी टीम तड़के लगभग 5:00 बजे लोणी कालभोर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कांबले वस्ती, थेऊर फाटा, ता. हवेली, जि. पुणे में अमली पदार्थ विरोधी अभियान चला रही थी।
सुमित गुप्ता के गोदाम पर छापा मारकर नकली आर.एम.डी. गुटखा का सुगंधित तंबाकू, विमल गुटखा पान मसाला और इसके निर्माण में लगने वाला कच्चा माल जब्त किया गया। गोदाम के बगल के खेत में नकली गुटखा तंबाकू बनाने के लिए उपयोग होने वाला कच्चा माल, जिसमें नकली सुपारी, सुगंधित तंबाकू, शीतलक (ठंडक), केमिकल, गुलाबजल, प्रिंटेड पाउच, बॉक्स और बोरे शामिल हैं। जब्त किए गए माल की कुल कीमत एक करोड़ रुपए है ।
नकली गुटखे के परिवहन के लिए मॉडिफाई किए गए तीन चारपहिया वाहन, जिनकी कीमत 50,00,000रुपये (पचास लाख रुपये) है। (इनमें दो गोल्डन रंग की इनोवा कार और एक काली टाटा नेक्सॉन शामिल है)। नकद राशि 30,000रुपये (एक लाख तीस हजार रुपये) भी मिली।
फैक्ट्री का मालिक फरार
पुलिस ने नकली गुटखा बनाने वाली कंपनी के मालिक रोहित दुर्गाप्रसाद गुप्ता (उम्र 25, निवासी थेऊर) और तीन मजदूरों - रामप्रसाद उर्फ बापू बसंता प्रजापति (उम्र 50, मूल निवासी उत्तर प्रदेश), अप्पू सुशील सोनकर (उम्र 46, मूल निवासी उत्तर प्रदेश), और दानिश मुसाकीन खान (उम्र 18, मूल निवासी उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया है। गोदाम का मालिक सुमित गुप्ता फरार हो गया है।
नकली गुटखा और सुगंधित तंबाकू बनाने वाली कंपनी के मालिक और मजदूरों के खिलाफ लोणी काळभोर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 223, 274, 275 और खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 26(2) (i) (iv) के उल्लंघन के तहत धारा 59 के तहत मामला (गु.र.नं. 2025) दर्ज किया गया है।
Created On :   5 Dec 2025 4:30 PM IST












