- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 1 दिन पहले रिटायर होने से बोनस से...
1 दिन पहले रिटायर होने से बोनस से चूके एसटी विभाग के कई कर्मचारी

डिजिटल डेस्क,नागपुर। दिवाली वैसे तो सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। इस पर्व के पूर्व लगभग सभी सरकारी महकमे में बोनस दिया जाता है। राज्य परिवहन महामंडल ने भी इस बार कर्मचारियों में बोनस बांटा, लेकिन 1 नवंबर को जो काम पर है, उन्हीं को यह बोनस देने का आदेश दिया गया था। ऐसे में कई वर्ष एसटी में काम कर ठीक 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी व अधिकारी इस बोनस से चूक गए। ऐसे में प्रशासन की ऐसी नीति के खिलाफ उनमें रोष है। बताया जाता है कि 31 अक्टूबर को नागपुर से ही रिटायर होने वाले कर्मचारियों की संख्या लगभग 13 है जो दिवाली के बोनस से वंचित रह गए हैं।
विभाग से चलती हैं करीब 6 सौ बसें
उल्लेखनीय है कि यात्रियों के लिए सबसे सस्ता व सुविधाजनक वाहनों में एसटी बसें हैं। रोजाना नागपुर विभाग में 6 सौ के करीब बसें चलती हैं। इन बसों की बागडोर मुख्य रूप से कर्मचारियों पर होती है। ऐसे में उनकी संख्या हजारों में है। दिवाली के वक्त सरकारी महकमें में कर्मचारियों को बोनस देना पड़ता है। परिवहन मंत्री की घोषणा के बाद इस दिवाली पर प्रवर्ग 1 व 2 श्रेणी के अधिकारियों के लिए 5 हजार व 3, 4 श्रेणी के कर्मचारियों के लिए ढाई हजार रुपए बोनस की घोषणा हुई थी।
दिवाली जैसे पर्व पर वैसे तो यह राशि काफी कम होती है लेकिन फिर भी सभी कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद मंडल ने डिपो लेवल पर एक फरमान जारी किया। इसके अनुसार, 1 नवंबर को जो ड्यूटी पर होगा, उन्हीं को बोनस देने को कहा गया था। ऐसे में 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को बोनस नहीं मिल सका। हिंगना वर्कशॉप से 6 और नागपुर विभाग अंतर्गत विभिन्न शाखाओं से 7 कर्मचारी 31 अक्तूबर को सेवानिवृत्त हुए हैं। इन कर्मचारियों को बोनस नहीं मिल सका। राज्य स्तर पर यह आंकड़ा बहुत ज्यादा है।

Created On :   8 Nov 2018 12:14 PM IST