- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आरेंज सिटी क्राफ्ट मेले में साकार...
आरेंज सिटी क्राफ्ट मेले में साकार होगी हर राज्य की संस्कृति

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ऑरेंज सिटी क्रॉफ्ट मेला में इस वर्ष राज्य तथा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हस्त शिल्पकार एवं प्रतिभाशाली कलाकारों की कला देखने का मौका मिलेगा। मेले में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक भारतीय व्यंजनों के स्टॉल्स भी आकर्षण का केन्द्र होंगे। इसमें राजस्थानी व्यंजन, पंजाबी वेज, चाट, पानीपुरी, राजस्थानी कुल्फी, प्याज की कचौरी, चूरमा लड्डू, विदर्भ की मटका रोटी, मुंबइया चाट के स्टॉल्स भी होंगे। मेले का आयोजन 4 से 13 जनवरी तक होगा।
यह जानकारी दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के संचालक दीपक खिरवड़कर ने प्रेस कांफ्रेंस में दी। खिरवड़कर ने बताया कि उद्घाटन महापौर नंदा जिचकार, मेट्रो के प्रमुख अधिकारी ब्रिजेश दीक्षित तथा इनकम टैक्स कमिश्नर राजीव रानाडे द्वारा किया जाएगा। मेले में लोकनृत्यों की प्रस्तुति मुख्य मंच पर शाम 6.30 बजे से शुरू होगी। अपराह्न 4 बजे से विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। मेले में 250 से अधिक लोक एवं आदिवासी कलाकार शिरकत करेंगे। मेले का समय दोपहर 2 से रात 9.30 तक है। प्रेस कांफ्रेंस में मोहन पारखी, दीपक कुलकर्णी, गोपाल बेतावार उपस्थित थे।
नृत्यों की प्रस्तुति
4 से 8 जनवरी को शाम 6.30 बजे से गुजरात, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, आसाम, जम्मू-कश्मीर, पांण्डीचेरी, महाराष्ट्र के पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुति होगी। 9 से 13 जनवरी तक लोक एवं आदिवासी नृत्यों में राजस्थान, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, सिक्किम के नृत्य होंगे। 9 जनवरी को "फैशन शो" का आयोजन किया गया है। 11 जनवरी को "साड़ी एक धरोहर" की प्रस्तुति होगी। 12 जनवरी को दिल्ली की नृत्यांगना कविता ठाकुर एवं साथी "स्वच्छ भारत अभियान" पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगे।
राज्यों की कला से होंगे रूबरू
मेले में विभिन्न राज्यों के जैसे-पंजाबी जूती खुर्जा पॉटरी, बूटीदार साड़ी, बनारसी साड़ी, पैचवर्क, दरी, फुलकारी, कश्मीरी शॉल, पोचमपल्ली, चिंधी दरी, चिकन एम्ब्रायडरी, लेदर पपेट, बेल मैटल, चंदेरी साड़ी, ड्राय फ्लावर, टेराकोटा, हैंड एम्ब्राइडरी, पेपर मैशी, ऊलन शॉल, ब्ल्यू व ब्लैक पॉटरी, कारपेट, जरी वर्क, ब्रास, टाई एंड डाई, स्टोन क्रॉफ्ट, ज्वेलरी डोकरा, ब्रास आदि सामान उपलब्ध होंगे।
Created On :   4 Jan 2019 2:07 PM IST