गुजरात में EVM ले जा रहा ट्रक पलटा, हार्दिक ने कसा तंज

EVM loaded truck accident in Gujarat, Hardik Patel targets bjp
गुजरात में EVM ले जा रहा ट्रक पलटा, हार्दिक ने कसा तंज
गुजरात में EVM ले जा रहा ट्रक पलटा, हार्दिक ने कसा तंज

डिजिटल डेस्क, गांधीनगर। गुजरात में EVM ले जा रहा एक ट्रक पलट गया है। इसमें 3 मजदूर घायल हो गए हैं।  घटना गुजरात के भरूच शहर के पास हुई है। यहां गुरुवार दोपहर को करीब 100 EVM और VVPAT लेकर जा रहा एक ट्रक पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में लादी गई सभी EVM भरूच के जम्बूसर विधानसभा सीट के लिए सुरक्षित रखी गई थी। चुनाव समाप्त होने के बाद इन्हें गोदाम ले जाया जा रहा था।

भरूच जिले के कलेक्टर संदीप सांगले ने इस घटना पर कहा है कि दुर्घटना के बारे में पता चलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरी मशीनों को सुरक्षित कर लिया। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना भरूच जिले के देरोल गांव के करीब हुई है। उन्होंने बताया, "EVM और VVPAT को जम्बूसर से भरूच शहर स्थित गोदाम ले जाया जा रहा था। इन्हें भरूच के जम्बूसर विधानसभा सीट के लिये सुरक्षित रखा गया था। EVM को हाल में हुए विधानसभा चुनाव में प्रयोग नहीं किया गया था। यहां नौ दिसंबर को चुनाव हुऐ थे।"

कलेक्टर सांगले ने यह भी बताया कि EVM मशीनों को अन्य राज्यों में ले जाया जा रहा था, जहां अगले साल चुनाव होने हैं। उन्होंने बताया, "हम क्षतिग्रस्त हुई EVM के बारे में आकलन करेंगे और इसके बारे में अपनी रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजेंगे।"

घटना पर भरूच तहसील के पुलिस निरीक्षक आर के लाडवा ने बताया कि ट्रक में EVM के कई कलपुर्जे थे, जिसमें 103 वीपीपैट, 92 मतदाता यूनिट और 93 कंट्रोल यूनिट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में ट्रक के तीन मजदूर घायल हुए हैं, जो खतरे से बाहर हैं।

इस पूरी घटना पर पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने चुटकी ली है। उन्होंने एक ट्वीट कर लिखा है, "रिकाउंटिंग की मांग उठते ही EVM भरी ट्रक पलटी, इस कांड को कया नाम दें?" हार्दिक ने अपने इस ट्वीट के साथ ही एक फोटो भी शेयर किया है जिसमें EVM मशीनें सड़क पर बिखरी हुई दिखाई दे रही हैं।

Created On :   21 Dec 2017 6:49 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story