- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 12 वीं का एग्जाम पैटर्न बदला 27 की...
12 वीं का एग्जाम पैटर्न बदला 27 की जगह आएंगे 37 प्रश्न

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीबीएसई) एक बार फिर प्रश्नपत्रों का पैटर्न बदलने की तैयारी में है। शैक्षणिक सत्र 2019-20 की कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रश्नों की संख्या बढ़ेगी। 2018-19 में हुई बोर्ड परीक्षा में कुल एक या दो प्रश्न ही अधिकतर विषयों में बढ़े थे और कुल 27 प्रश्न ही पूछे गए थे, लेकिन 2019-20 में प्रश्नों की संख्या लगभग 10 तक बढ़ाई जाएगी।
इस हिसाब से 2019-20 की 12वीं की परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को कुल 37 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इसके अलावा, एक अंक के प्रश्नों की संख्या अब 10 की जगह 20 होगी। वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के साथ दो अंक, तीन अंक और पांच अंकों के भी सवाल होंगे। भौतिकी और रसायन में 10 से 12 प्रश्न अब अनिवार्य रूप से गणितीय सवाल होंगे। दो और तीन अंकों वाले सात-सात प्रश्न होंगे। अगले सत्र से 5 अंकों के तीन प्रश्न होंगे। बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट निकलने के बाद इसकी जानकारी स्कूलों को दी जाएगी।
आसान होगा पेपर, छात्रों का समय भी बचेगा
बोर्ड अब एक अंक वाले प्रश्नों की संख्या दोगुनी करने की तैयारी में है। इन प्रश्नों का उत्तर देने में छात्रों को समय कम लगेगा। इन प्रश्नों का एक शब्द, एक लाइन आदि में उत्तर देना होगा। इससे छात्रों का समय बचेगा। दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों की संख्या चार की जगह तीन होगी।
हटाए जाएंगे सॉलिड स्टेट, पी-ब्लॉक के कई पाठ
बोर्ड ने कक्षा 12वीं में रसायन के सिलेबस से सॉलिड स्टेट की यूनिट हटा दी है। साथ ही पी-ब्लॉक में से ग्रुप 15 को भी हटा दिया है। दूसरे विषयों में भी उन टॉपिक्स को हटाया जाएगा, जिसकी आवश्यकता प्रतियोगी परीक्षा में नहीं होती है। सीबीएसई ने प्रश्नपत्रों की ऐसी डिजाइन बनाई है कि, उत्तर लिखने के लिए छात्रों को विषय की गहराई तक समझ हाेनी जरूरी हाेगी। इस सत्र से 12वीं की परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न नहीं पूछे जाएंगे। इससे उत्तर लिखने के लिए छात्रों को विषय की पूरी पढ़ाई करनी होगी। यही वजह है कि, प्रश्नों की संख्या 27 से बढ़ाकर 37 कर दी गई है।
Created On :   17 April 2019 3:25 PM IST