किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं -  नाथ

Farmers are the backbone of the countrys economy - Nath
किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं -  नाथ
किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं -  नाथ

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा । प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि ये बड़े दुख की बात है कि कृषि क्षेत्रआज पीडि़त है। किसान हमारे देश की संपूर्ण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसान की संतुष्टि और आर्थिक मजबूती पर ही सब कुछ निर्भर है। यदि देश का किसान संतुष्ट नहीं है, अन्नदाता ही भूखा है तो ये सारे सरकारी आंकड़े बेबुनियाद हैं। मीडिया से चर्चा के दौरान किसान आंदोलन को लेकर उन्होंने यह बात कही। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नगरीय निकाय के आरक्षण के संबंध में कांग्रेस को आदिवासी विरोधी कहे जाने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कमलनाथ ने कहा कि यह उनके विचार हो सकते हंै परंतु फिर भी श्री शर्मा को अपने कद और पद के अनुरूप बोलना चाहिए। आरक्षण प्रक्रिया के जो भी परिणाम निकले उसका सभी को सम्मान करना चाहिए। बुधवार को दोपहर को कमलनाथ छिंदवाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने चार वैवाहिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और शाम को जयपुर के लिए रवाना हो गए।
नए कानून से हमाल, कर्मचारी, छोटे व्यापारियों पर पड़ेगी मार: दिग्विजय
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि नए कृषि कानूनों से न सिर्फ किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, बल्कि मंडियों के हमाल, कर्मचारी और छोटे व्यापारियों पर इसकी मार पड़ेगी। वे बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने तीनों कानूनों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि मोदी सरकार ताकतवर देशों के दबाव में सब्सिडी कम करने के प्रयास में ये कानून ला रही है। पीडीएस और एमएसपी को खत्म करने का ये कानून है, इसलिए हम इसका विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1947 से अब तक गरीबों और किसानों के पक्ष में जो किया है वो सबके सामने है। कांग्रेस ने फूड सिक्युरिटी कानून लाया। मोदी सरकार ने गरीबों से सस्ता अनाज और एमएसपी को डायल्यूट करने का प्रयास किया है। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के यहां विवाह समारोह में शामिल होने बुधवार रात 9.30 बजे छिंदवाड़ा पहुंचे दिग्विजय सिंह ने ये बात मीडिया से चर्चा के दौरान कही।
आने वाला समय फिर कांग्रेस का: पीसी शर्मा
 प्रदेश के पूर्व जनसंपर्क व कानून मंत्री पीसी शर्मा ने बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी राजीवभवन का भ्रमण कर कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओ से मुलाकात की। प्रदेश की कांग्रेस सरकार व कमलनाथ के कुशल नेतृत्व की चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ ने प्रदेश के किसानों का कर्जा माफ किया और आज भी कांग्रेस किसानों के साथ हैं। श्री नाथ के मुख्यमंत्रित्वकाल में हमने पुजारियों को मिलने वाले पारिश्रमिक को तिगुना किया था। कार्यकर्ताओं से संगठित होने का आव्हान करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि हमें हताश होने की आवश्यकता नहीं है। कमलनाथ के नेतृत्व में आने वाला कल फिर कांग्रेस का है। हमारा यह संघर्ष जारी रहेगा।  इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी, पंकज शुक्ला, किरण चौधरी, मनीष पांडेय, आनंद राजपूत, मीनाकोरी, मनीषा पाल, माया पटेल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
 

Created On :   10 Dec 2020 12:34 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story