- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- किसानों की प्रदर्शनी में छाई 400...
किसानों की प्रदर्शनी में छाई 400 किलो की नागपुरी भैंस और गोल्डन सीताफल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रेशमबाग मैदान पर आयोजित प्रदर्शनी में नागपुर में पाई जाने वाली भैंस की प्रजाति पशुपालक किसान और लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस भैंस के इर्द-गिर्द इकट्ठा हुए लोग आश्चर्य व्यक्त करने लगे। विशालकाय नर का वजन 550 किलो है, और मादा 400 किलो की है। करीब 1500 लीटर दूध देने की क्षमता के कारण किसान इसकी जानकारी प्राप्त करते देखे गए।
कृषि से जुड़ी चीजे भी आकर्षण का केंद्र
एग्रोविजन, कार्यशाला, राष्ट्रीय कृषि प्रदर्शनी एवं परिसंवाद में हजारों की तादाद में आधुनिक तकनीक के उपयोग से जुड़ी कृषि सामग्री आकर्षण का केंद्र बनी। किसानों को शिक्षण, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने के मकसद से आयोजित इस भव्य आयोजन को देखने के लिए केवल स्थानीय नहीं, बल्कि दूरदराज से हजारों लोगों की भीड़ जुटी। कृषि क्षेत्र में हो रहे अकल्पनीय बदलाव को सभी ने सराहा। विज्ञान जगत में हर रोज नए आविष्कारों ने जीवन को बदला है। इससे कृषि क्षेत्र भी अछूता नहीं रहा है। मध्य भारत की सबसे बड़ी कृषि प्रदर्शनी में इसकी झलक साफ तौर पर देखी जा सकती है।
धान की फसल को देखने में रुचि
बावनथड़ी बांध इलाके में बड़े पैमाने पर बोई जाने वाली धान की फसल को देखने के लिए किसानों ने अधिक रुचि दिखाई। पूर्व विदर्भ के किसान बड़ी संख्या में धान की फसल लेते हैं। इसलिए अपने खेतों में सगुना नामक धान की प्रजाति का प्रयोग करने के मकसद से किसानों ने इस फसल की अधिक जानकारी जुटाने में संबंधित स्टॉल के कर्मचारियों से विस्तृत चर्चा की। सगुना प्रजाति की धान एवं श्री पद्धति से उगाई जाने वाली इस फसल से काफी उत्पादन मिलने की जानकारी संबंधित कर्मचारियों ने दी।
एक किलो का गोल्डन सीताफल
भव्य प्रदर्शनी में वैसे तो हर स्टॉल पर लोगों की भीड़ देखी जा सकती है, लेकिन एक किलो के सीताफल ने सभी को आकर्षित किया। एन.एम. के 1-गोल्डन नाम से मशहूर इस सीताफल के आकार और मिठास की चाहत में लोगों ने इसे बड़े पैमाने पर खरीदना चाहा। हालांकि, आम सीताफलों के मुकाबले में यह काफी महंगा था, जिसके कारण लोग इस फल को देखकर चर्चा करते रहे। वहीं लाल रंग के सीताफल को भी लोगों ने पसंद किया।
गोवा की गुलाबी सुपारी
एक स्टॉल ऐसा भी था, जहां गोवा के फलों की प्रदर्शनी लगी थी। आम तौर पर गोवा को पर्यटन के रूप में देखा जाता है, लेकिन वहां के फल आज लोगों के लिए आकर्षण का विषय बने रहे। खासकर गोवा की गुलाबी सुपारी को देखने के लिए लोगों ने कतार लगाई। इसे छूकर सभी ने इसकी तारीफ की। प्रदर्शनी में अनेक स्थानों पर लकड़ी से बने शिल्प और हस्तकला की सामग्री लोगों ने खूब पसंद की। सस्ती एवं टिकाऊ वस्तुओं को खरीदने के लिए लोग अधिक उत्सुक दिखाई दिए।
Created On :   12 Nov 2017 5:55 PM IST