किसान परेशान, एक रुपए किलो बिक रहा टमाटर

Farmers upset, tomato being sold for one rupee per kg
किसान परेशान, एक रुपए किलो बिक रहा टमाटर
बिछुआ के खेतों में पहुंचे सांसद किसान परेशान, एक रुपए किलो बिक रहा टमाटर

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। सांसद नकुलनाथ ने मंगलवार को बिछुआ ब्लॉक में रोड शो किया। वे यहां के 27 गांवों में पहुंचे। इस दौरान किसानों से चर्चा के साथ ही नुक्कड़ सभाएं भी की। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बिछुआ आए थे। हमेशा की तरह वे झूठे वायदे और घोषणाएं कर गए। जबकि किसान परेशान हैं। टमाटर एक रुपए प्रति किलो बिक रहा है। अतिवृष्टि के दौरान हुई फसलों का मुआवजा तो दूर सर्वे तक नहीं कराया गया। उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थिति अकेले छिंदवाड़ा की नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में किसान परेशान हैं। श्री नाथ ने कहा कि वे भाजपा की सरकार से मांग करते हैं कि अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा दिया जाए। सब्जी की फसलों को लेकर भी सरकार किसानों को राहत दे।

सांसद ने कहा कि आपके बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री भी आए थे और उन्होंने केवल अपनी बात कही लेकिन मैं आपके बीच केवल आपकी बात सुनने आया हूूं और केवल आपकी ही सुनूंगा। विभिन्न ग्रामों का भ्रमण करते हुए सांसद श्री नाथ कुछ खेतों में भी पहुंचे और वहां उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनका हाल जाना। किसानों ने सांसद को बढ़ती महंगाई व खाद, बीज व यूरिया की कमी से हो रहे आर्थिक नुकसान से अवगत कराया। श्री नाथ ने कहा कि किसानों की बिगड़ती आर्थिक स्थिति से वे परिचित हैं। उन्होंने किसानों से मक्का के मूल्यों में आई गिरावट पर कहा कि प्रदेश में जब कांग्रेस सरकार थी तब मक्का 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल बिका। ग्राम कुर्सीपार में मंदिर निर्माण के लिए प्रदत्त राशि को लेकर सांसद ने कमेटी निर्माण की बात भी कही।  रोड शो में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, जिपं संजय पुन्हार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व विधायक गंभीर सिंह चौधरी सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हवाई पट्टी पर मीडिया से चर्चा में सांसद नकुलनाथ ने कहा कि वे किसानों, युवाओं की बेरोजगारी, आशा ऊषा कार्यकर्ता व संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का मुद्दा संसद में उठाएंगे।
 

Created On :   28 Dec 2022 8:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story