अतिरिक्त शुल्क वसूलने वाले स्कूलों पर एफआईआर दर्ज करें

File FIR against schools charging extra fees
अतिरिक्त शुल्क वसूलने वाले स्कूलों पर एफआईआर दर्ज करें
अतिरिक्त शुल्क वसूलने वाले स्कूलों पर एफआईआर दर्ज करें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शिक्षा राज्य मंत्री बच्चू कडू ने कोरोनाकाल में स्कूल बंद होने के बावजूद अतिरिक्त शुल्क वसूलने वाले स्कूलों पर सीधे आपराधिक मामला दर्ज करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। शिक्षा राज्य मंत्री कडू ने पालकों की शिकायतें सुनने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में स्पष्ट किया कि कोरोनाकाल में स्कूल बंद थे। केवल ऑनलाइन पढ़ाई हुई। इस दौरान कुछ स्कूलों द्वारा अतिरिक्त शुल्क वसूलने की शिकायतें मिली हैं। स्कूल की तरफ से जो सेवा नहीं दी गई, उसका भी शुल्क वसूलने की शिकायतें मिल रही हैं। स्कूल बंद होने पर ऐसा शुल्क लेना गलत है। हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट ने भी कोरोनाकाल में अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूलने के निर्देश दिए हैं। जिन स्कूलों ने अतिरिक्त शुल्क लिया, उन पर सीधे आपराधिक मामला दर्ज किए जाएं।

उन्होंने राज्य शैक्षणिक संस्था शुल्क अधिनियम 2011 का सख्ती से पालन करने को कहा और चेतावनी दी कि स्कूलों को सभी नियमों का पालन करना ही होगा। पालकों की शिकायतों पर गंभीरता से  संज्ञान लेते हुए जांच व  कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय शिक्षण उपसंचालक वैशाली जमादार, सहायक संचालक सतीश मेंढे, शिक्षणाधिकारी चिंतामण वंजारी, विभागीय शुल्क नियमन समिति सदस्य चंद्रमणि बोरकर, बबिता शर्मा, एड. पवन सहारे, अक्षय गुल, अजय चालखुरे, अमित होशिंग आदि पालक उपस्थित थे। 

 

Created On :   20 Jun 2021 9:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story