- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- ओबीसी आरक्षण की आग: भाजपा ने कमलनाथ...
ओबीसी आरक्षण की आग: भाजपा ने कमलनाथ तो कांग्रेस ने फूंका शिवराज का पुतला
डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने बुधवार दोपहर को शहर के फव्वारा चौक में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा का पुतला फूंका। भाजपा ने पंचायत चुनाव में लगी रोक के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने पंचायत चुनाव में ओबीसी सीटों पर लगी रोक को कांग्रेस का षडयंत्र बताया। कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर हुआ है। कांग्रेस के इस कृत्य से प्रदेश में निवासरत 51 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग में रोष है। पंचायतों के लगभग 70 हजार अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षित पदों पर चुनाव न होने से इस वर्ग को हानि हुई है। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष जगेन्द्र अल्डक ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के कल्याण में भाजपा सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
कांग्रेस ने कहा- भाजपा की दोगली नीति उजागर, ओबीसी विरोधी है भाजपा सरकार
कांग्रेस ने पलटवार करते हुए त्रि-स्तरीय पंचायती राज चुनाव में प्रदेश की भाजपा सरकार की दोगली नीति अपनाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अवसरवादी व जनविरोधी बताते हुए पुतला दहन किया। बुधवार को फव्वारा चौक में कांग्रेस ने पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण को लेकर भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रदर्शन व नारेबाजी की। हालांकि कांग्रेसियों को पुतला दहन के लिए प्रशासन और पुलिस से जूझने की नौबत रही। दलबल के साथ मौजूद तहसीलदार और सीएसपी ने सीएम का पुतला जलने से रोकने की भरसक कोशिश की, लेकिन कांग्रेसियों ने घेरा बनाकर पुतले में आग लगा दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग से किए जा रहे भेदभाव का सार्वजनिक तौर पर खुलासा हो गया है। जिससे पिछड़ा वर्ग के लोगों में आक्रोश है।
Created On :   22 Dec 2021 10:46 PM IST