मुखबिरी को लेकर दो पक्षों में फायरिंग, 1 की मौत, दो घायल

Firing on two sides regarding informer, 1 killed, two injured
मुखबिरी को लेकर दो पक्षों में फायरिंग, 1 की मौत, दो घायल
बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में घटना से सनसनी, 5 आरोपियों की पहचान, 3 गिरफ्तार मुखबिरी को लेकर दो पक्षों में फायरिंग, 1 की मौत, दो घायल

डिजिटल डेस्क जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित पिपरिया के पास शुक्रवार की रात जुआ फड़ की मुखबिरी को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों से जमकर हथियार चले व फायरिंग भी की गई। फायरिंग में 3 लोग घायल हुए, वहीं घायलों में हरदुआ निवासी 29 वर्षीय दस्सू उर्फ यशवंत की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर 5 आरोपियों की पहचान करते हुए 3 को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
इस संबंध में टीआई सुखदेव धुर्वे ने बताया कि पिपरिया गाँव के पास जुआ फड़ संचालित करने को लेकर दस्सू सिंह व संतोष सिंह के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। दस्सू उर्फ यशवंत शुक्रवार की रात कार व वैन से अपने साथी जितेंद्र सिंह, राम प्रताप, महेंद्र लोधी और मुकेश प्रधान के साथ शहपुरा जा रहा था। वह पिपरिया व कटीला के बीच पहुँचा, तभी पिपरिया कला निवासी सतोष लोधी उर्फ बब्बा, राजेंद्र लोधी, पुस्सू लोधी, नारायण सिंह लोधी उर्फ गोलू और ग्राम भीटा निवासी सुरेंद्र लोधी वहाँ से निकले और दस्सू की कार में टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक दूसरे पर हमला बोल दिया। दोनों पक्षों से हुई फायरिंग में दस्सू उसका साथी जितेंद्र लोधी व दूसरे पक्ष से संतोष के हाथ में गोली लगी। सभी घायलों को इलाज के लिए देर रात मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। जहाँ दस्सू उर्फ यशवंत की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगने पर एसएसपी टीके विद्यार्थी के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे और जाँच पड़ताल कर नारायण उर्फ गोलू लोधी, सुरेंद्र सिंह व संतोष लोधी को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश की जा रही है।
गाँव जाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार दस्सू लोधी का जुआ फड़ चलता है। शुक्रवार की शाम संतोष उसके गाँव पहुँचा था। उसे गाँव में देख दस्सू को संदेह हुआ कि वह उसके फड़ की मुखबिरी करने आया है। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। उसके बाद दस्सू ने संतोष को कॉल करके शहपुरा स्थित एक ढाबे के पास बुलाया था। वहाँ दोनों के बीच समझौता हो गया था।
दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार इस घटना में जितेंद्र सिंह लोधी की रिपोर्ट पर पुस्सू लोधी, राजेंद्र, संतोष उर्फ बब्बा, गोलू लोधी व सुरेंद्र लोधी के खिलाफ धारा 147,148, 149 302 व संतोष लोधी की रिपोर्ट पर दस्सू लोधी, राजा लोधी व अन्य के खिलाफ धारा 307, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 
 

Created On :   22 April 2023 5:47 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story