- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- भाई को पुलिस भर्ती कराने के लिए...
Pune City News: भाई को पुलिस भर्ती कराने के लिए उपनिरीक्षक ने दी ‘डमी परीक्षा’

- पुलिसकर्मी को पुलिस ने पकड़ा
- नौ साल बाद राज खुला
भास्कर न्यूज, पुणे। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय में काम कर रहे पुलिस उपनिरीक्षक ने सगे भाई को पुलिस की नौकरी दिलाने के लिए खुद उसके स्थान पर परीक्षा दी थी। यह डमी परीक्षा 2016 में हुई थी, लेकिन नौ साल बाद सच सामने आ गया और अब उसी उपनिरीक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने उसे तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार उपनिरीक्षक का नाम सुप्पड़सिंह शिवलाल गुसिंगे है। उसके खिलाफ और उसके भाई गजानन शिवलाल गुसिंगे के खिलाफ शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी, नकली दस्तावेज तैयार करने, फर्जी दस्तावेजों को असली बताने और साजिश रचने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है। मामला 24 अप्रैल-2016 का है। तब पुणे शहर पुलिस की भर्ती प्रक्रिया चल रही थी। आरोपी गजानन गुसिंगे मैदान परीक्षा में शामिल हुआ था। 5 और 6 अप्रैल को उसने फिजिकल परीक्षा दी, लेकिन 24 अप्रैल की लिखित परीक्षा में उसने अपनी जगह डमी उम्मीदवार बैठा दिया। इसके लिए नकली पहचान पत्र बनवाए गए थे।
जब गड़बड़ी पकड़ी गई तो पुलिस ने गजानन और उसकी जगह परीक्षा देने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। परीक्षा केंद्र के वीडियो फुटेज में यह साफ दिखा कि गजानन की जगह कोई और व्यक्ति बैठा था। जांच के दौरान एक गवाह ने बताया कि वह व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि गजानन का सगा भाई सुप्पड़सिंह था।
जांच में पुलिस को पता चला कि सुप्पड़सिंह खुद महाराष्ट्र पुलिस में भर्ती हो चुका है और 2023 में उपनिरीक्षक पद पर नियुक्त होकर वर्तमान में पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय में तैनात है। जानकारी मिलते ही पुणे पुलिस की अपराध शाखा ने राज्य आरक्षित दल (एसआरपी) समूह क्रमांक सात से उसे गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट के सामने पेश किया।
जांच अधिकारियों ने कोर्ट में दलील दी कि उन्हें यह पता लगाना है कि नकली पहचान पत्र कहां से बनवाए गए और फर्जीवाड़े में और कौन-कौन शामिल है। इसी वजह से उन्होंने पुलिस हिरासत की मांग की। सरकारी वकील श्रीधर जावले ने भी हिरासत का समर्थन किया, जबकि बचाव पक्ष की ओर से एडवोकेट चेतन भूतड़ा ने दलीलें दी। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कोर्ट ने उपनिरीक्षक सुप्पड़सिंह को तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। गजानन फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
Created On :   3 Dec 2025 7:30 PM IST












