- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- हिरोशिमा पर बम गिराने वाले विमान से...
Pune City News: हिरोशिमा पर बम गिराने वाले विमान से लेकर व्हाइट हाउस भी देखा बच्चों ने

भास्कर न्यूज, पुणे। जिला परिषद प्राथमिक स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की अमेरिका यात्रा शानदार अनुभवों में गुजरी। इस दौरान उन्होंने अमेरिका की नासा संस्था का दौरा किया। 12 दिनों के अध्ययन दौरे ने ग्रामीण क्षेत्रों के 25 विद्यार्थियों को उत्साह और आश्चर्य से भर दिया। अमेरिका प्रवास के दौरान बच्चों को हिरोशिमा पर बम गिराने वाले विमान से लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति का घर व्हाइट हाउस बाहर से देखने का मौका मिला।
पुणे जिला परिषद की पहल पर चुनिंदा बच्चों को विदेश यात्रा पर ले जाया गया। महाराष्ट्र में विद्यार्थियों को नासा घुमाने वाली पुणे जिला परिषद दूसरी जिला परिषद बनी है। किसान परिवारों के विद्यार्थियों को पहली बार हवाई जहाज में बैठने का अनुभव मिला। बच्चों ने अमेरिका के महत्वपूर्ण वैज्ञानिक केंद्रों और अंतरिक्ष से जुड़ी महत्वपूर्ण गतिविधियों का अध्ययन किया। मुंबई से अबूधाबी होते हुए बच्चे वॉशिंगटन पहुंचे। इस दौरान पुणे आयुका संस्थान के वैज्ञानिक समीर दुरड़े भी उनके साथ थे। इंडियन एंबेसी में भारतीय राजदूत विनायक क्वात्रा ने विद्यार्थियों से संवाद किया। इसके बाद उन्हें अर्थ इन्फॉर्मेशन सेंटर का दौरा किया, जहां पृथ्वी संबंधी विविध जानकारियां दी गईं। वैज्ञानिक मार्क सुब्बाराव ने समुद्री लहरों के बारे में बताया और समुद्र के जलस्तर में बढ़ोतरी पर प्रकाश डाला।
चांद से लाए गए पत्थर को छुआ
- उद्वार हेजी एयर एंड स्पेस म्यूजियम जहां प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध के विमान रखे गए हैं। विद्यार्थियों ने राइट ब्रदर्स द्वारा बनाया गया पहला विमान देखा। इसके अलावा उन्हें हाल ही में उड़ान भरने वाले डिस्कवरी स्पेस शटल देखने का अवसर भी मिला।
- स्मिथसोनियन नेशनल एयर एंड स्पेस म्यूजियम में अंतरिक्ष अनुसंधान से संबंधित जानकारी दी गई। बच्चों ने अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा चंद्रमा से लाए गए पत्थर को छुआ।
- फ्लोरिडा राज्य के ऑरलैंडो शहर स्थित डिज्नीलैंड का दौरा किया। यह स्थल विद्यार्थियों को विशेष रूप से पसंद आया। स्थानीय कलाकार कार्टून पात्रों की वेशभूषा में दिखाई दिए। विद्यार्थियों ने पानी में सफर का आनंद लिया और कई रोमांचक खेलों का अनुभव लिया।
- नासा के केनेडी स्पेस सेंटर में विभिन्न ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशनों की रॉकेट देखे। ग्रह पर उतरने के अनुभव के लिए वर्चुअल रियलिटी हेडसेट का उपयोग कर विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।
- कैलिफोर्निया के एप्पल और गूगल सेंटर का भी दौरा किया। गूगल में वैज्ञानिक जयंत नारलीकर की पुत्री गिरिजा नारसीकर से बातचीत कर कंपनी की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई का ऑफिस भी देखा।
यह हमारे लिए अविस्मरणीय अनुभव है। जिन चीजों को हमने मोबाइल और कंप्यूटर पर देखा था, उन्हें प्रत्यक्ष देखने का आनंद अवर्णनीय है। यात्रा के दौरान अमेरिकी अधिकारियों और स्थानीय लोगों का व्यवहार बहुत अच्छा था। जिला परिषद ने बाल्यावस्था में ही हमें अमेरिका का अध्ययन दौरा करने का मौका दिया।
- स्पृहा खेड़ेकर, नासा का दौरा करने वाली विद्यार्थी
Created On :   3 Dec 2025 3:58 PM IST












