- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मुखबिर को पिस्तौल दिखाकर धमकी देने...
मुखबिर को पिस्तौल दिखाकर धमकी देने वाला मुख्य आरोपी सहित चार गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर/ कन्हान. मुखबिर को पिस्तौल दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी देने वाले मुख्य सूत्रधार सहित 4 आरोपियों को सक्करदरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी आशीष मनपिया (29), सानिका विहार, भिलगांव, निखिल डागोर (25), वाल्मीकि नगर, शीलवंत सोनटक्के (34), पडोले नगर, झाेपड़पट्टी, वाठोड़ा और विक्की उके, कन्हान निवासी है। आरोपियों से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस व कार जब्त की गई है। आरोपी आशीष मनपिया को यवतमाल शीलवंत भंडारा और निखिल को नागपुर से पुलिस ने दबोचा। विक्की को कन्हान पुलिस के हवाले किया गया है। आशीष, निखिल और शीलवंत के खिलाफ सक्करदरा थाने में मुखबिरी के संदेह में शेख नौशाद को धमकाने का मामला गत 15 सितंबर को दर्ज किया गया था। सभी फरार थे। आशीष मनपिया और उसके साथी कन्हान क्षेत्र में कल्पेश बावनकुले हत्याकांड में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
रिश्तेदार के घर में छिपा था : ड्रग्स तस्कर आशीष मनपिया यवतमाल में किसी रिश्तेदार के यहां छिपा था। आशीष ने ताजबाग निवासी शेख नौशाद (31) को गत दिनों साथी निखिल और शीलवंत साथ उसके घर जाकर पिस्तौल दिखाकर पुलिस का मुखबिर बताकर उसे धमकाया था। इस दौरान उसके साथियों ने चाकू निकाल लिया था। पश्चात आशीष हवाई फायरिंग कर फरार हो गया था। शेख नौशाद ने सक्करदरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने पहले निखिल को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर यवतमाल में छिपे आशीष मनपिया को धरदबोचा। इसके बाद शीलवंत को भंडारा जिले की पवनी तहसील से पकड़ा। पुलिस ने शीलवंत से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस, चाकू और पिस्टलनुमा लाइटर जब्त किया है।
कन्हान के कल्पेश हत्याकांड में शामिल : जांच में पता चला कि, आरोपी आशीष ने कन्हान में हुए कल्पेश बावनकुले हत्याकांड में चारपहिया वाहन (एम.एच.-03- बी.एस.-4869) का उपयोग किया था। कल्पेश की हत्या को आरोपी विक्की उके, बिरजू चहांदे के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने इस हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी विक्की को गिरफ्तार कर उसे कन्हान पुलिस के हवाले कर दिया है। विक्की का साथी भीमराव चहांदे फरार है। पुलिस उपायुक्त नुरुल हसन के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। सक्करदरा के वरिष्ठ थानेदार धनंजय पाटील व द्वितीय पुलिस निरीक्षक ऋषिकेश घाड़गे के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक विजय कसोधन, सागर आव्हाड़, हवलदार प्रकाश वानखेड़े, रमेश पालथ व अन्य ने कार्रवाई में सहयोग किया।
Created On :   25 Sept 2022 7:58 PM IST