गोष्ट एका पैठणीचीने जीता सर्वश्रेष्ठ मराठी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में शंतनु रोडे दिग्दर्शित मराठी भाषायी ‘गोष्ट एका पैठणीची’ ने सर्वश्रेष्ठ मराठी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। वहीं, राहुल देशपांडे को मराठी फिल्म ‘मी वसंतराव’ में प्लेबैक सिंगिग के लिए बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का पुरस्कार घोषित हुआ है। राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए 10 सदस्यीय ज्यूरी की अध्यक्षता हिंदी फिल्मकार विपुल शाह ने की। जूरी के सदस्य धरम गुलाटी, चित्रांग सिंह और अनंत विजय ने पुरस्कारों की घोषणा की। पुरस्कार श्रेणियों की बात करें तो मराठी फिल्म ‘जून’ में अभिनय के लिए सिद्धार्थ मेनन तथा ‘अवांछित’ और ‘गोदाकाठ’ फिल्म में अभिनय के लिए अभिनेता किशोर कदम को स्पेशल ज्यूरी मेंशन पुरस्कार दिया गया है। अनिष गोसावी को ‘टक टक’ तथा आकांक्षा पिंगले और दिनेश इंदुरकर को ‘सुमी’ फिल्म के लिए मराठी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार मिला है। वहीं, अमोल गोले दिग्दर्शित मराठी फिल्म ‘सुमी’ ने बेस्ट चिल्ड्रेन फिल्म का पुरस्कार जीता है। विवेक दुबे दिग्दर्शित फनरल को सामाजिक मुद्दों पर सर्वश्रेष्ठ मराठी फिल्म का पुरस्कार मिला है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश को सर्वाधिक फिल्म अनुकूल राज्य का रजत कमल पुरस्कार हासिल हुआ है।
Created On :   23 July 2022 2:57 PM IST