- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सरकारी सब्सिडी से पुलिस कर्मियों ले...
सरकारी सब्सिडी से पुलिस कर्मियों ले सकेंगे खुद के घर

अभय यादव, नागपुर । पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों के अपने खुद के आशियाने के सपने साकार होंगे । सरकार इस महत्वाकांक्षी स्कीम को साकार करने जा रही है। अब शहर का हर पुलिस अधिकारी, कर्मचारी अपना स्वयं का मकान ले सकता है। इसके लिए उसे सरकार सब्सिडी दिलाएगी। यह सब्सिडी उसे 2.30 लाख से लेकर 2 लाख 67 हजार रुपए तक दी जाने वाली है। अब शहर में कहीं पर भी पुलिस अधिकारी, कर्मचारी अपने और अपने परिवार के लिए मकान खरीदने का सपना देख सकता है। वह 1, 2 और 3 बीएचके का मकान अपनी इच्छा अनुसार खरीद सकता है। शहर पुलिस के इस सपने काे कुछ निजी निर्माण कंपनियां साकार करने वाली हैं। सरकार इन कंपनियों को बैंक फाइनेंस से लेकर मकान निर्माण के लिए जमीन दिलाने में भी मदद करने वाली है। सूत्रों के अनुसार, शहर पुलिस आयुक्तालय के मानव संसाधन विभाग के पास 750 से अधिक पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के आवेदन आ चुके हैं।
पत्नी का भी रहेगा अधिकार
सूत्रों के अनुसार प्रत्येक थाना व अन्य शाखा के अधिकारी, कर्मचारी इस योजना का लाभ ले सकेंगे। इस योजना की खास बात यह भी है कि पुलिस अधिकारी, कर्मचारी को मकान या फ्लैट खरीदते समय पत्नी का नाम देना होगा। उस मकान में पत्नी आधी हकदार होगी। सरकार की यह योजना नागपुर शहर, वर्धा, अमरावती, कोराडी, कामठी और हिंगना रोड के लिए प्रथम चरण में शुरू की जाने वाली है। इस क्षेत्र में निजी कंपनियों द्वारा तैयार मकान या फ्लैट सब्सिडी पर पुलिस अधिकारी, कर्मचारी खरीद सकेंगे। इसके अलावा विविध शासकीय आवास योजना जैसे कि, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी 6 लाख आय वालों को 2 लाख 67 हजार रुपए, 12 लाख रुपए की आय वालों को 2 लाख 35 हजार , 18 लाख की आय वालों के लिए 2 लाख 30 हजार रुपए तक छूट दिलवाने पर विचार किया जा रहा है। संबंधित बैंकों द्वारा करीब 30 लाख रुपए तक कर्ज दिलाया जाएगा।
Created On :   6 Dec 2017 1:51 PM IST