जल से जुड़े विषयों पर समन्वय और जनभागीदारी पर है सरकार का पूरा जोर- शेखावत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन समेत कई सामयिक कारकों को ध्यान में रखते हुए भविष्योन्मुखी योजनाओं की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जल से जुड़े विषयों पर समन्वय और जनभागीदारी पर भरपूर बल दे रही है। शेखावत ने मंगलवार को यहां राष्ट्रीय जल विकास अभिकरण की 36वीं वार्षिक बैठक और नदियों को जोड़ने के लिए गठित विशेष समिति की 20वीं बैठक में भागीदारी कर विभिन्न विषयों पर संबंधितों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के ‘हर घर जल’ का संकल्प साकार हो रहा है। मंत्री ने बताया कि कोरोना महामारी के बावजूद मात्र सवा तीन साल में 7.46 करोड़ ग्रामीण घरों में नल कनेक्शन लगाए गए। वर्ष 2019 में जब जल जीवन मिशन योजना प्रारंभ की गई थी, तब 3.23 करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल पहुंच रहा था। आज देश के 10.69 करोड़ ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंचने लगा है।
Created On :   14 Dec 2022 7:58 PM IST