हज यात्रा : एक घंटा ज्यादा लगेगा सफर में, आज हज यात्री कराएंगे रिपोर्टिंग

Haj pilgrimage: it will take one hour more in the travelling
हज यात्रा : एक घंटा ज्यादा लगेगा सफर में, आज हज यात्री कराएंगे रिपोर्टिंग
हज यात्रा : एक घंटा ज्यादा लगेगा सफर में, आज हज यात्री कराएंगे रिपोर्टिंग

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर इंबारकेशन सेंटर से हज यात्रा 29 जुलाई से शुरू होगी। पिछले वर्ष की तुलना में कम क्षमता वाले विमान के कारण इस वर्ष हज यात्रा में एक घंटा ज्यादा लगेगा। पांंच घंटे में हज यात्रा पूरी होगी। यात्रा के दौरान शारजाह में इंधन के लिए विमान उतरेगा। नागपुर से पूरे विदर्भ, छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश के चार जिलों के करीब 2 हजार 900 यात्री हज पर रवाना होंगे। 4 अगस्त तक चलने वाली हज यात्रा में सात दिन में 19 फ्लाइट्स रवाना होंगे। 29 जुलाई से 3 अगस्त तक तीन-तीन फ्लाइट और 4 अगस्त को 1 फ्लाइट है। हर फ्लाइट में 153 यात्री होंगे।

सेंट्रल तंजीम कमेटी के अध्यक्ष हाजी अ. कदीर ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी ने नागपुर इंंबारकेशन सेंटर के लिए सेंट्रल तंजीम कमेटी को जिम्मेदारी सौंपी है। पिछले 18 वर्षों से सीटीसी हज यात्रा की जिम्मेदारी संभाल रही है। हज यात्री शुक्रवार, 27 जुलाई को हज हाउस में रिपोर्टिंग कराएंगे। जिन लोगों ने ऑनलाइन रिपोर्टिंग कराई है उन्हें हज हाउस आने की जरूरत नहीं है। 28 जुलाई को वीजा और पासपोर्ट का वितरण किया जाएगा। यात्रा से आठ घंटे पूर्व यात्रियों को हज हाउस पहुंचना अनिवार्य है। 29 जुलाई को दोपहर 1.10 बजे पहली फ्लाइट से हज यात्री उड़ान भरेंगे। दूसरी फ्लाइट शाम 5 और तीसरी फ्लाइट 6.10 बजे है।

सचिव हाजी मोहम्मद कलाम ने बताया कि  तंजीम कमेटी द्वारा विशाल वॉटरप्रूफ पंडाल हज हाउस परिसर में डाला गया है। हज हाउस के 40 रूम में प्रतिदिन 500 यात्रियों के ठहराने की पूरी व्यवस्था की गई है। हज हाऊस में 24 घंटे मनपा का दवाखाना शुरू रहेगा। 108 नंबर की एम्बुलेंस 24 घंटा सेवा के तैयार रखी जाएगी। हज हाउस में पूछताछ कक्ष भी खोला गया है। बाहरगांव से आने वाले हज यात्रियों की गाड़ी की पार्किंग की व्यवस्था गांधीसागर स्थित नातिक चौक से एम्प्रेस माल तक की गई है। हज यात्रियों को प्रतिदिन कमेटी की ओर से हज हाउस से एयरपोर्ट तक बस द्वारा छोड़ा जाएगा। एयर इंडिया द्वारा हज हाउस में लगेज बुकिंग काऊंटर खोला गया है। 

एयरपोर्ट पर बाम्बे मर्चंट बैंक द्वारा 2100 रियाल दिए जाएंगे। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश के हज यात्री नागपुर हज हाउस से जाएंगे। पत्र-परिषद में सेंट्रल तंजीम कमेटी के उपाध्यक्ष हाजी गनी खान, शाहिद नसीन खान, सदस्य अब्दुल अजीज खान, हाजी गुलाम मुस्तफा, हाजी नियाज अहमद, आफी उर्फ  दिलनवाज खान, हाजी इकबाल बेरा, हाजी मतीन रेहमान, हाजी निसार अंसारी, हाजी मौलाना मेहबूब रिजवी, हाजी मौलाना शाकीर रजा उपस्थित थे।

यात्रियों पर जीएसटी की मार 
हाजी अ. कदीर ने कहा कि सरकार का दावा है कि सब्सिडी हटाने के बाद हज यात्रा सस्ती हो गई है, जबकि हकीकत यह है कि हज यात्रा पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाए जाने के कारण यात्रा और महंगी हो गई है। धार्मिक यात्रा पर जीएसटी लगाना उचित नहीं है। उन्होंने हज यात्रा पर जीएसटी हटाने की मांग की है। 

एयरपोर्ट चार्ज 8 हजार  रुपए, सुविधा कुछ नहीं
हाजी मो. कलाम ने कहा कि इस वर्ष हर हज यात्री से एयरपोर्ट अथारिटी द्वारा एयरपोर्ट चार्ज 8 हजार रुपए वसूला जा रहा है, लेकिन इसके बदले कोई सुविधा नहीं दी जाती। सिर्फ नाश्ता देकर टरका दिया जाता है। विमान विलंब होने पर फाइव स्टार होटल की सुविधा प्रदान करनी चाहिए।


 

 

Created On :   27 July 2018 5:35 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story